दुर्ग

दो साल से पड़ोसी के रुपए डुप्लीकेट चाबी से चोरी करने वाली बुजुर्ग महिला गिरफ्तार
10-Oct-2022 1:23 PM
दो साल से पड़ोसी के रुपए डुप्लीकेट चाबी से चोरी करने वाली बुजुर्ग महिला गिरफ्तार

लालच में गहने चुराए और पकड़ी गई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 10 अक्टूबर।
एक बुजुर्ग महिला पड़ोसी के घर का ताला खोलकर दो साल तक चोरी करती रही और किसी को पता तक नहीं चला, लेकिन उसकी लालच ने कल उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। बुजुर्ग महिला ने रुपए पैसे की जगह इस बार सोने के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया और पकड़ी गई।  

पुलिस के मुताबिक सुपेला थाने के स्मृति नगर चौकी अंतर्गत सडक़ नंबर 25 श्री श्याम वाटिका में सागर मित्तल रहते हैं। सागर ने रविवार दोपहर को स्मृति नगर चौकी में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे उसके माता-पिता चौहान टाउन में थे। वह घर में ताला लगाकर अपनी पत्नी के साथ डोंगरगढ़ मंदिर दर्शन करने गया था। वहां से रात 11 बजे के करीब वापस घर लौटा तो बेडरूम की अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला। उसमें से 40 ग्राम का 1 सोने का नेकलेस, 10 ग्राम कान का टॉप्स, 20 ग्राम की एक सोने की चेन, 5 ग्राम का सोने का लॉकेट, 15 ग्राम की तीन सोने की अंगूठी सहित करीब 4 लाख रुपए के गहने गायब थे।

स्मृति नगर पुलिस ने चोरी की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि सामने मकान में रहने वाली निर्मल कौर (60 वर्ष) को सागर मित्तल के घर के पास शाम को देखा गया था। पुलिस ने तुरंत बुजुर्ग महिला को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की और सख्ती पर बुजुर्ग ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

बुजुर्ग महिला ने बताया कि सागर की मां ने दो साल पहले बाहर जाते समय उसे घर के मेन गेट की चाबी दी थी। महिला ने बड़ी चालाकी से उस चाबी की डुप्लीकेट चाबी बनवा ली। इसके बाद जब भी मित्तल फैमिली घर में ताला लगाकर बाहर जाती महिला तुरंत घर के अंदर पहुंच जाती। इसके बाद बाहर रखे रुपए पैसे चोरी करती और फिर ताला लगाकर अपने घर चली जाती थी। यह सिलसिला दो सालों तक चला और घरवालों को शक तक नहीं हुआ।
8 अक्टूबर को बुजुर्ग फिर चोरी करने गई और इस बार रूम में रखी अलमारी का लॉकर तोडक़र उसके अंदर से सोने के जेवरात पार कर दिए। आरोपी से सभी जेवरात जब्त कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
 


अन्य पोस्ट