दुर्ग
बार के भीतर बहस रोकने गया था एमआर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 7 अक्टूबर। नेहरू नगर के बार में कल देर रात हुई बहस की परिणति स्वरूप घंटे भर बाद बार से निकले युवक को 5-6 लोगों ने डंडे से जमकर पीटा और उसके सिर पर बियर की बोतल से हमला कर भाग निकले हैं। लहूलुहान युवक को हास्पिटल में भर्ती कराया गया। उसकी रिपोर्ट पर सुपेला पुलिस ने धारा 323, 34 और 506 के तहत कार्रवाई की है।
सुपेला पुलिस ने बताया कि आदर्श नगर दुर्ग निवासी हेमंत दुबे (31 वर्ष) दवा कंपनी का एमआर है। कल रात साढ़े 11 बजे वह राक फोर्ट बार नेहरू नगर सुपेला में अपने साथी शैलेष सिंह के साथ बीयर पीने गया। इस दौरान बीयर पीते समय पास में बैठे दो अज्ञात लडक़े आपस में बहस कर रहे थे। हेमंत ने मना किया तो इसी बात को लेकर वो उससे बहस करने लगे और कुछ देर में बार से चले गए। रात साढ़े 12 बजे हेमंत और शैलेष बार से बाहर निकले तो वे लडके अपने 3-4 साथियों के साथ बाहर मे खड़े थे। हेमंत को पकड़ जान से मारने की धमकी देकर सभी ने उसे खूब मारा। उसके साथियों ने हेमंत के सिर पर बीयर की बोतल और अन्य साथी ने डंडा से मारपीट की है। हेमंत के सिर, पीठ, दोनों हाथ, पैर में चोट आई है। लहूलुहान हेमंत को रात में ही चंदूलाल चंद्राकर हास्पिटल में शैलेष ने भर्ती कराया। आज शाम मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।