दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 28 सितंबर। खुर्सीपार थाना क्षेत्र के थोक किराना व्यापारी से लूट करने वाले 4 आरोपियों को खुर्सीपार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से करीब 1 लाख 50 हजार रुपए भी बरामद हुए हैं। घटना का मुख्य आरोपी व्यापारी का पुराना ड्राइवर ही निकला, जो काम में लापरवाही के कारण हटा दिया गया था।
गौरतलब हो कि 21 सितंबर की रात नेताजी सुभाष मार्केट से घर लौट रहे व्यापारी शिव अग्रवाल से दीनदयालपुरम उनके निवास के पास आरोपियों के द्वारा घटना को अंजाम दिया गया था। तीन लाख नगद से भरा हुआ बैग व्यापारी से बलपूर्वक छीन कर आरोपी फरार हो गए थे। इस दौरान व्यापारी को छीना झपटी के दौरान चोटे भी आई थीं। खुर्सीपार थाना में उप निरीक्षक सतीश साहू के नेतृत्व में टीम ने घटना स्थल के आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरा की जाँच कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
सीसीटीवी कैमरा से फुटेज प्राप्त हुआ, जिसमें बिना नंबर की ग्रे कलर की एक्टिवा में तीन लडक़े चेहरे में मास्क लगा लूट कर भाग रहे थे। फुटेज में प्रार्थी के कार का लगातार पीछा करते दिखे। फुटेज से फोटो डेवलप कर मुखबिरों को भेजा गया। मुखबिरों द्वारा वाहन चला रहे आरोपी को टूटू उर्फ रोहित जैसा होना बताया गया जो कि केएलसी खुर्सीपार में रहता है। आरोपी घटना समय के बाद से ही न ही घर गया है, न ही क्षेत्र में देखा गया। फुटेज के आधार पर अमन खान निवासी पंजाबी मोहल्ला न्यू खुर्सीपार होना की भी पहचान हुई।
सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा से मोबाईल नम्बरों के टावर लोकेशन एवं सीडीआर प्राप्त किये गये। टॉवर लोकेशन के आधार पर दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ पर आरोपी टूटू उर्फ रोहित एवं अमन खान द्वारा घटना कारित करना स्वीकार किया एवं तीसरा आरोपी दध्यराज निवासी स्मृति नगर भिलाई का होना बताया, उसे भी हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि अमन खान के पिता अहमद खान शिव के घर पर पहले ड्रायवरी करते थे, काम में लापरवाही एवं पैसों का हेर-फेर करने की वजह से दिसम्बर मे उसे काम से निकाल दिया गया था। जिस पर आरोपी ड्रायवर अहमद खान द्वारा घटना के तीन दिन पूर्व रात्रि अपने घर पंजाबी मोहल्ला न्यू खुर्सीपार में टूटू उर्फ रोहित और अमन खान, दध्यराज को बुलाया और बोला कि शिव का रोज का गल्ला लाख दो लाख का रहता है और वह अंधा भी हैं। तुम लोगों को नहीं जानेगे पैसा लूटो बांट लेंगे। तत्काल आरोपियों को लेकर पेट्रोलिंग द्वारा अहमद खान की पतासाजी की गई एवं घेराबंदी कर उसे भी हिरासत में लिया।