दुर्ग

इंस्टाग्राम पर युवती ने मांगी मदद, युवक पहुंचा तो जानलेवा हमला, आरोपी फरार
26-Sep-2022 1:46 PM
इंस्टाग्राम पर युवती ने मांगी मदद, युवक पहुंचा तो जानलेवा हमला, आरोपी फरार

देर रात ओव्हर ब्रिज पर जमकर हंगामा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 सितंबर। इंस्टाग्राम पर ‘आई नीड योर हेल्प’ का मैसेज आने पर लडक़ी की मदद करने गए युवक पर एक साजिश के तहत जानलेवा हमला करने वाले आरोपी विशाल और उसके साथियों के खिलाफ भिलाई भट्ठी पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।

भट्ठी थाना हेड कांस्टेबल ने पुरूषोत्तम साहू ने बताया कि घटना रविवार रात 1 बजे की है जिसमें एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसे ब्रिज से नीचे धकेल मारने का प्रयास किया गया है। घटना कारित करने वाले 4 युवक एक युवती के साथ मौके पर पहुंचे थे। उसमें से एक की पहचान हुई है।

 चश्मदीद शुभम साहू (28 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वह कन्शट्रक्शन का व्यवसायी है। शनिवार की रात 10 बजे सौरभ चन्द्राकर के इंस्टाग्राम पर सारा नाम की आईडी से आई नीड योर हेल्प का मैसेज आया। सौरभ ने दिए गए मोबाइल नंबर पर सारा को फोन किया और दोनों के बीच बातचीत हुई। फिर सौरभ ने शुभम को बताया कि ओव्हर ब्रिज सेक्टर-3 जाना है, एक लडक़ी का मैसेज आया है हेल्प मांग रही है।
 

शुभम और सौरभ कार से शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीबन 1 बजे ओव्हर ब्रिज के ऊपर सेक्टर-3 पहुंचे तो वहां लडकी के साथ 4 लडके खड़े थे। लडक़ी कार के पास आयी और सौरभ कार से बाहर उतरकर लडक़ी  से बातचीत करने लगा। शुभम कार के अंदर था तभी थोडी़ बाद वहां खडे चारों लडक़े सौरभ से मारपीट करने लगे तो शुभम कार से बाहर निकला और देखा कि चारो लडक़े सौरभ के साथ हाथ मुक्का लात और बियर की टूटी बोतल से मारपीट कर रहे हैं।
उनमें से एक के हाथ में चाकू था जिससे वह सौरभ को मार रहा है। चारों सौरभ को ब्रिज से गिराने की बात कह रहे हैं। शुभम को बाहर आता देख वो लडक़ी को बोल रहे थे कि अपना कपड़ा फाड़ ले इन दोनों के ऊपर केस करते हैं।

शुभम ने अपने दोस्त शिवम यादव को फोन कर बुलाया। शिवम और अक्षय साहू तुरंत वहां पर आ गए और उन्हे देख चारों लडक़े के साथ वो लडक़ी भाग निकली। मारपीट करने वालों में से एक लडक़े का नाम विशाल है। शुभम पर भी आरोपियों ने जाते जाते हमला किया है। घायल सौरभ को तत्काल हाईटेक हास्पिटल नेहरू नगर में भर्ती कराया गया है।
 

 


अन्य पोस्ट