दुर्ग
दुर्ग, 21 सितंबर। बेरला से अपनी आल्टो कार में परिवार को लेकर पुलगांव होटल में खाना खाने जा रहे प्रार्थी की कार को एक्सेंट कार चालक ने तेज व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से ठोकर मार दिया। इससे कार में बैठे सवार लोगों को सिर में चोट आई, वहीं आरोपी कार चालक की ठोकर से मवेशी भी घायल हो गई और उसने थोड़ी ही देर में दम तोड़ दिया। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 429 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक सोनी पारा वार्ड 4 बेरला निवासी प्रार्थी अभिषेक सोनी 19 सितंबर की रात लगभग 9 बजे अपने अल्टो कार क्रमांक सीजी 04 एचए 7384 में अपने माता पिता, पत्नी व बहनों को लेकर होटल में खाना खाने पुलगांव स्थित होटल जा रहे थे। जब वह रिलायंस पेट्रोल पंप के सामने नाला के पास पहुंचे उसी समय पीछे से आ रही कार एक्सेंट क्रमांक सीजी 08 वाई 2353 के चालक ने अपनी वाहन को तेज व लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए पहले मवेशी को ठोकर मारा इसके बाद प्रार्थी की कार को पीछे से लाकर ठोकर मार दिया। इससे कार में बैठे लोगों को सिर में चोट आई। वहीं आरोपी के कार की ठोकर से घायल मवेशी की भी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।