दुर्ग

ससुर ने नहीं भेजा तो नाराज युवक 75 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा
20-Sep-2022 2:15 PM
ससुर ने नहीं भेजा तो नाराज युवक 75 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा

पत्नी को लेने भिलाई-3 ससुराल आया था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 सितंबर।
पत्नी को अपने साथ ले जाने की जि़द पूरी नहीं होने पर पति आवेश में आकर 75 फीट ऊंचे बिजली टॉवर में चढ़ गया। मौके पर पहुंची भिलाई-3 पुलिस की समझाइश के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है।
भिलाई-3 थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि आज होरीलाल पारधी (30 वर्ष) देवगांव थाना खरोरा रायपुर से अपनी ससुराल भिलाई 3 ग्राम गनियारी आया था। वह अपनी पत्नी को साथ ले जाने ससुराल आया परंतु ससुर ने लडक़ी को भेजने से इंकार कर दिया।

काफी मिन्नतों के बाद भी ससुर के नहीं मानने पर होरीलाल आवेश में आ गया और गांव में ही हाईटेंशन लाइन के 75 फीट ऊंचे बिजली टॉवर पर चढ़ गया। पुरानी भिलाई पुलिस को जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंची और नीचे से ही होरीलाल को समझाया।
काफी मशक्कत बाद पुलिस की समझाइश पर होरीलाल सुरक्षित नीचे उतर आया। पुलिस ने युवक को नीचे उतरने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है।
 


अन्य पोस्ट