दुर्ग
चेंबर ने कलेक्टर के नाम डीएसपी को सौंपा ज्ञापन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 17 सितंबर। पावर हाउस जवाहर मार्केट में भारत जीन्स में हुई आगजनी की घटना के बाद कल भिलाई चेम्बर के प्रतिनिधिमण्डल ने बाजार में बड़ी रैलियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर जिलाधीश के नाम ज्ञापन सौंपा। भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र के नेतृत्व में चेम्बर प्रतिनिधिमण्डल ने जिलाधीश के नाम ट्रैफिक डीएसपी गुरजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर बाजार की गलियों की मौजूदा स्थिति से अवगत कराया औऱ बताया कि इन मार्गों से चार पहिया वाहन तक गुजरना मुश्किल है, ऐसे में रैली निकालने की वजह से यहां बड़ी अव्यवस्था होती है। व्यापारियों की मांग पर ट्रैफिक डीएसपी श्री सिंह ने सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन देते हुए इस विषय पर उनसे चर्चा की।
भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने बताया कि पावर हाउस क्षेत्र अंतर्गत, जवाहर मार्केट एवं सर्कुलर मार्केट जिले के पुराने एवं व्यस्ततम बाजारों में से एक है। 50 वर्ष से भी अधिक वर्ष पुराने होने की वजह बाजार के सभी मार्ग संकरे हैं, और जिनका चौड़ीकरण किया जाना भी अब संभव नहीं है। इन मार्गों से चार पहिया वाहन तक निकलना भी बहुत मुश्किल है, ऐसे में यहां से धार्मिक रैली या किसी भी प्रकार की बड़ी रैली निकलने से न केवल व्यापारियों को बल्कि ग्राहकों को बहुत सारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। श्री मिश्र ने बताया कि इन रैलियों के दौरान डीजे चलाने और आतिशबाजी करने के चलते पूर्व में भी बाजार में प्रतिष्ठानों के कांच टूटने और आगजनी की छोटी घटनाएं घटित हो चुकी हैं। वहीं 14 सितंबर की रात्रि रैली की आतिशबाजी के कारण ही भारत जीन्स में एक बड़ी आगजनी की दुर्घटना हो गई। जिसमें प्रतिष्ठान संचालक को लगभग 35 लाख का नुकसान हुआ, वहीं आसपास के प्रतिष्ठानों को भी आर्थिक क्षति हुई है। जिसके बाद से व्यापारियों की मांग है कि जवाहर मार्केट भाटिया बैग से लेकर पारख ज्वेलर्स होते हुए राधाकृष्ण होटल तक के मार्ग को रैलियों के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया जाये।