दुर्ग

रायपुर नाका रेल्वे अंडरब्रिज में हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
16-Sep-2022 2:54 PM
रायपुर नाका रेल्वे अंडरब्रिज में हंगामा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

सांसद खोलने के पक्ष में, तो विधायक नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता  
दुर्ग, 16 सितंबर।
  रायपुर नाका स्थित रेल्वे अंडरब्रिज के उद्घाटन में विलंब से नाराज वार्डवासियों ने गुरुवार को जमकर हंगामा किया। उन्हें नियंत्रित करने पुलिस ने पहले समझाइश दी,  नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग किया।
पुलिस के लाठीचार्ज में 4-5 लोगों को चोट आने की भी खबर है। प्रदर्शन के बाद आंदोलन के अगुवा वार्ड क्रमांक-21 के पार्षद व जिला योजना समिति के सदस्य अरुण सिंह और हिन्दू युवा मंच के संयोजक गोविंदराज नायडू के साथ करीब 20 से अधिक कार्यकर्ताओं व वार्डवासी ने गिरफ्तारी देकर जिला प्रशासन व पुलिस के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया।

पार्षद अरुण सिंह ने रायपुर नाका रेल्वे अंडरब्रिज को 15 सितंबर तक शुरु करने जिला प्रशासन और रेल्वे प्रबंधन को अल्टीमेटम दिया था। गुरुवार को अल्टीमेटम की मियांद खत्म होने पर पार्षद अरुण सिंह और हिन्दू युवा मंच के संयोजक गोविंद राज नायडू के नेतृत्व में वार्डवासी व कार्यकर्ता सैकड़ों की संख्या में गाजे-बाजे के साथ रायपुर नाका अंडरब्रिज खोलने की मांग को लेकर मौके पर पहुंचे।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी करते हुए अंडरब्रिज खोलने के लिए कूच किया, लेकिन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने मौके पर पहले से तैनात पुलिस बल द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोका गया। जिससे नाराज प्रदर्शनकारियों ने हंगामा मचाया। इस बीच प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। जिसके बाद भी प्रदर्शनकारी अंडरब्रिज खोलने की मांग को लेकर अड़े रहे। जिन्हें पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। वार्डवासियों के प्रदर्शन के मद्देनजर जिला पुलिस के अलावा आरपीएफ,जीआरपी और प्रशासन के अधिकारी अलर्ट रहे।

अंडरब्रिज खोलना खतरनाक-विधायक वोरा
मालूम हो कि शहर विधायक अरुण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल ने बुधवार को ही रायपुर नाका रेलवे अंडरब्रिज का निरीक्षण करने के पश्चात कहा था कि अंडरब्रिज शुरु करने में 15 दिन का और समय लगेगा,क्योंकि अंडरब्रिज में अभी कुछ काम बाकी है। काम बाकी रहते हुए इसे खोला जाना खतरनाक साबित हो सकता है। काम पूर्ण होने के  बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथों इसका उद्घाटन किया जाएगा।

राजनीति के चलते स्थानीय लोग लाभ से वंचित-सांसद बघेल
सांसद विजय बघेल भी इस अंडरब्रिज के जल्द खुलने के पक्षधर है। उन्होंने कहा था कि अंडरब्रिज लगभग बनकर तैयार हो गया है। इसे शुरु नहीं किया जा रहा है। तुष्टीकरण की राजनीति के चलते इसका लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल पा रहा है। बीस दिन पहले सांसद ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 15 सितंबर तक अंडरब्रिज को खोलने के लिए डेडलाईन दी थी।
 


अन्य पोस्ट