दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 सितंबर। बाथरूम के रोशनदान से मोबाइल द्वारा वीडियो बनाने एवं फोटो खींचने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है।
अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी संतोष कुशवाहा को धारा 354 ग के तहत दो बार तीन-तीन वर्ष का सश्रम कारावास तथा एक-एक हजार रुपये अर्थदंड तथा आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत 1 वर्ष सश्रम कारावास तथा 1000 रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है।
विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने बताया कि पीडि़ता स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में किराए के मकान में अपनी मां के साथ रहती थी। वह जहां रहती है वहां एक रूमए एक हॉल, किचन तथा बाथरूम बना हुआ है। बाथरूम के रोशनदान बाजू वाले किराएदार आरोपी संतोष कुशवाहा के रूम से लगा हुआ था और रोशनदान का कांच टूटा हुआ था । 24 जून 2018 को पीडि़ता बच्ची बाथरूम में नहाने गई हुई थी। मौका देखकर आरोपी संतोष कुशवाहा 21 वर्ष बाथरूम के रोशनदान में टूटे हुए कांच से मोबाइल द्वारा बच्ची का नहाते हुए वीडियो बनाने लगा तथा फोटो भी खींचा। नहाते समय अचानक बच्ची की नजर रोशनदान के पास मोबाइल पर पड़ी तो वह जोर से चीखी । उसकी चीख सुनकर घर में ही काम कर रही उसकी मां तुरंत बाथरूम में पहुंची। तब बच्ची ने बताया कि रोशनदान में से उसके पड़ोस में रहने वाला आरोपी संतोष कुशवाहा मोबाइल पर उसकी वीडियो बना रहा है। इस पर बच्ची की मां तुरंत पड़ोस में रहने वाले आरोपी के घर जाकर दरवाजा खटखटाई।
थोड़ी देर बाद आरोपी ने दरवाजा खोला । जब पीडि़ता की मां ने कहा कि मोबाइल पर बच्ची की वीडियो क्यों बना रहे हो तो आरोपी गुस्से में आ गया और गाली गलौज करते हुए बच्ची के मां का हाथ पकड़ कर अश्लील हरकत करने लगा। जब पीडि़ता की मां ने शोर मचाया तभी मकान मालिक व उसका बेटा भी पहुंच गए। जब आरोपी से उसका मोबाइल मांगा तो आरोपी मोबाइल देने से इंकार कर दिया।
इसके बाद पीडि़ता की मां ने चौकी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।