दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 14 सितंबर। कोहका में सोमवार की रात तेज रफ्तार बाइक के डिवाइडर से टकराने से दो युवकों मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ है।
घटना सोमवार रात 11.30 बजे स्मृति नगर चौकी क्षेत्र की है। एक ही बाइक पर सवार तीन युवक की तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई थी।
स्मृति नगर चौकी प्रभारी युवराज देशमुख ने बताया कि 12 सितंबर की रात्रि करीबन 11.30 बजे रानी अवंती बाई चौक कोहका के पास दुर्लभ ट्रेडर्स नामक दुकान के समीप डिवाइडर से टकराने से बाइक क्रमांक सीजी 07 बीपी 4271 पर बैठे तरुण पांडेय (22 वर्ष) निवासी खुर्सीपार, हिमांशु कुमार (24 वर्ष) निवासी खुर्सीपार तथा सूरज कुमार साहू (24 वर्ष) निवासी पांडातराई कबीरधाम गिर गए और मौके पर ही तरुण पांडेय की मृत्यु हो गई। घायल सूरज साहू को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए स्पर्श अस्पताल ले जाया गया, परंतु इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हिमांशु का उपचार शासकीय अस्पताल दुर्ग में जारी है। मृतक तरुण पांडेय तथा मृतक सूरज कुमार साहू का मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई में लिया गया।
मामले के विवेचना अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल साहू ने बताया कि तीनों ही युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सूर्या मॉल से अपने घर खुर्सीपार जा रहे थे। बाइक तरुण चला रहा था। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिसके कारण मौके पर ही तरुण पांडे की मौत हो गई थी। घायल हिमांशु ने घटना की सूचना अपने परिजनों को मोबाइल के माध्यम से दी थी। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था।
