दुर्ग

सीआईएसएफ ने जांच के नाम पर संयंत्र कर्मी को लाठी से पीटा
11-Sep-2022 2:52 PM
सीआईएसएफ ने जांच के नाम पर संयंत्र कर्मी को लाठी से पीटा

दोषी जवान को निलंबित करने की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 सितंबर।
सीआईएसएफ जवान के द्वारा बीएसपी कर्मी से कल दोपहर 2 बजे संयंत्र के भीतर बीआरएम के हनुमान मंदिर पास लाठी से मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद भिलाई मजदूर संघ यूनियन के पदाधिकारियों ने पहुंचकर इसका खूब विरोध किया। हंगामा होने पर संयंत्र के अधिकारी भी घटनास्थल पहुंच गए। यूनियन के द्वारा दोषी सीआईएसफ कर्मचारी को निलंबित करने की मांग की गई है।

आरोप है कि संयंत्र के भीतर आज दोपहर को बीआरएम विभाग के पास सीआईएसएफ के जवान सचिन ने वहां से गुजर रहे बीएसपी कर्मी अमित वर्मा को रोक कर उसके साथ अभद्र व्यवहार किया है। चेकिंग के नाम पर इस प्रकार के व्यवहार पर आपत्ति उठाने पर उस सीआईएसएफ जवान ने लाठी से कर्मी अमित वर्मा को मारा, जिससे उसे गहरी चोट आई।

इस प्रकार की जानकारी वहां से गुजर रहे कर्मियों को मिलने पर भीड़ इक_ा हो गई। इसकी सूचना यूनियन के संयुक्त महामंत्री वशिष्ठ वर्मा को मिलने पर सभी पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए और इस घटना पर विरोध जताया। आईं आर विभाग के अधिकारी कर्मचारी भी वहां पहुंच गए।

घटना के बारे में बीआरएम के जीएम एसके बहरा को बताये जाने पर उन्होंने वहां पहुंचकर पदाधिकारियों से बात की और इस घटना पर दुख जताते हुए इसकी शिकायत संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से करने तथा कर्मचारी के साथ पूरा प्रबंधन सहयोग करेगा ऐसा आश्वासन दिया। उसके बाद घायल अमित वर्मा का मेन मेडिकल पोस्ट में मेडिकल करवाया गया। जहां से उन्हें सेक्टर -9 अस्पताल भेज दिया गया। वहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।

भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष आईपी मिश्रा कार्यकारी अध्यक्ष चन्ना केशवलू महामंत्री रविशंकर सिंह उपाध्यक्ष एविसन वर्गीस तथा कुलदीप तिवारी घायल से मिलने पहुंचे और उसे पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस घटना की जानकारी मिलने पर युवा कर्मी एवं वरिष्ठ कर्मी भारी संख्या में इक_े हो गए और सीआईएसएफ द्वारा संयंत्र में कर्मियों के साथ दुव्र्यवहार की घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी को लेकर काफी रोष दिखाई दिया।


अन्य पोस्ट