दुर्ग
पुलगांव शिवनाथ तट के 24 परिवारों ने वोरा को दिया धन्यवाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 सितंबर। विधायक की संवेदनशीलता से बाढ़ पीडि़तों को मुआवजा मिला। पुलगांव शिवनाथ तट के 24 परिवारों ने वोरा को धन्यवाद दिया ।
पखवाड़े भर पहले प्रदेश में हुई भारी बारिश से कई जगहों में नदियां एवं डैम लबालब हो गए थे जिसके कारण कई बांधों के गेट खोले जाने से जगह-जगह बाढ़ एवं जल भराव से जन जीवन को भारी आर्थिक एवं मानसिक क्षति पहुंची थी। जिससे दुर्ग शहरी क्षेत्र में पुलगांव में शिवनाथ नदी के तट पर स्थित वार्ड क्रमांक 55 भी अछूता नहीं था। अचानक शिवनाथ के रातों रात बढ़े जल स्तर से कई परिवार बेघर हो गए एवं खाने पीने की वस्तुएं तक तेज बहाव में बह गई। जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सबसे पहले वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने शासन-प्रशासन से भी आगे बढ़ कर संवेदनशीलता का परिचय दिया एवं सभी लोगों के लिए लगातार 2 दिनों तक खाने की व्यवस्था कराई एवं जिला व निगम प्रशासन के माध्यम से उनके रहने के लिए शेल्टर का इंतेजाम किया, साथ ही उन्होंने एसडीएम एवं पटवारी से सभी प्रभावित परिवारों के नुकसान का आंकलन कर मुआवजा प्रकरण बनाने के निर्देश दिए थे, जिसके फलस्वरूप गुरुवार को पीडि़त परिवारों को 1 लाख 75 हजार रु का मुआवजा प्रदान किया गया।
लक्ष्मी यादव, लता सारथी, रत्ना यादव, पार्वती ढीमर, सुहाता सोनी, पुनिता निषाद समेत लगभग 24 परिवारों ने विधायक अरुण वोरा को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान जिला प्रसाशन के अधिकारियों सहित एल्डरमैन राजेश शर्मा, पूर्व पार्षद सुरेंद्र ठाकुर, अश्वनी निषाद उपस्थित थे।