दुर्ग

नशे में युवकों ने पत्थर खदान कार्यालय में मचाया उत्पात, हिरासत में
09-Sep-2022 2:41 PM
 नशे में युवकों ने पत्थर खदान कार्यालय में मचाया उत्पात, हिरासत में

छत्तीसगढ़ संवादाता

भिलाई नगर, 9 सितंबर। उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छाटा में स्थित पत्थर खदान में बीती रात गोडपेंड्री के युवाओं ने रात भर जमकर उत्पात मचाया। ऑफिस के दरवाजा, खिडक़ी का शीशा तोड़ कर पूरा समान को बिखेर दिया गया है। इस तोडफ़ोड़ की घटना में खदान संचालक को हजारों रुपए की क्षति होने का अनुमान है। घटना की सूचना मिलते ही उतई पुलिस द्वारा उत्पाती युवकों को हिरासत में लिया गया है। 

बताया जा रहा कि आरोपी नशे में धुत होने के कारण स्वयं की पहचान तक नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस उनके होश में आने का इंतजार कर रही है ताकि आगे की कार्यवाही की जा सके। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह खदान अभी बन्द है। यहाँ पर सिर्फ एक व्यक्ति ही रहता है। रात को पहुँचे नशे में धुत युवाओं की दबंगई देख वह व्यक्ति भी सहम गया। 

उसने किसी तरह अपने आप को बचाया और पुलिस को सूचना दी। नशे में धुत उत्पात मचाने वाले दो-तीन आरोपियों को उतई पुलिस ने हिरासत में लिया है।
 

थाना प्रभारी मोनिका पांडेय ने बताया कि रीता सिंह पत्थर खदान में बीती रात्रि तोडफ़ोड़ की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस के द्वारा तत्काल दबिश दी गई एवं उत्पाती दो तीन युवकों को हिरासत में ले लिया गया। हिरासत में लिए गए युवक अत्यधिक नशे में होने के कारण कुछ भी बता नहीं पा रहे हैं। इन युवकों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। होश में आते ही इस मामले में आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।


अन्य पोस्ट