दुर्ग

घर में दुकान खोल व्यवसाय कर रहे लोगों पर निगम हुआ सख्त, अब कॉमर्शियल टैक्स देना होगा
08-Sep-2022 4:15 PM
घर में दुकान खोल व्यवसाय कर रहे लोगों पर निगम हुआ सख्त, अब कॉमर्शियल टैक्स देना होगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 8 सितंबर।
भिलाई निगम क्षेत्र में आवासीय प्रयोजन की अनुमति लेकर उसका व्यावसायिक उपयोग कर मुनाफा कमाने वालों को अब बड़ा झटका लग सकता है। निगम ने अपनी आय को बढ़ाने के लिए ऐसे लोगों पर कॉमर्शियल टैक्स लगाने की तैयारी कर ली है। निर्णय लिया गया है कि निगम की टीम पूरे क्षेत्र का सर्वे करेगी। यह देखा जाएगा कि भू स्वामी ने जिस प्रयोजन के लिए अनुमति ली है, उसका उपयोग उसी प्रकार हो रहा है या नहीं? यदि अनुमति से विपरीत उपयोग पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब हो कि नगर पालिक निगम भिलाई के राजस्व विभाग की बैठक में अधिकारियों ने सुझाव दिए कि निगम में राजस्व की वृद्धि के लिए कडा़ई से कॉमर्शियल टैक्स लगाना जरूरी हो गया है। निर्णय लिया गया कि निगम भिलाई क्षेत्र में बड़े व्यावसायिक भवन जैसे होटल, शोरूम इत्यादि की स्थल जांच की जाएगी। यह देखा जाएगा कि आबंटित भूखंडों पर निर्मित भवनों का उपयोग नियम के मुताबिक हो रहा है या नहीं? राजस्व अधिकारियों को इस जांच के लिए एक महीने का समय दिया गया है। एक महीने के अंदर जांच रिपोर्ट तैयार कर निगम आयुक्त को देना है। निगम आयुक्त ने कहा कि कई दफा यह देखने में आया है कि आवासीय प्रयोजन के लिए गए भूखंड में व्यावसायिक प्रयोजन का इस्तेमाल किया जा रहा है। राजस्व विभाग के अधिकारी इसकी जांच करेंगे, इसके बाद आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर विचार किया जाएगा। अनुमति के विपरीत उपयोग करते पाए जाने वाले भू स्वामियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी फिलहाल इसे निगम ने स्पष्ट नहीं किया है लेकिन अधिकारियों की मंशा इसे लेकर साफ है कि जो भी व्यक्ति आवासीय प्रयोजन की अनुमति लेकर उस पर व्यावसायिक उपयोग करता पाया जाएगा, उसकी उपयोगिता को ही बदल दिया जाएगा। निगम आवासीय भूखंड को व्यावसायिक उपयोग में बदलकर भू स्वामी से कॉमर्शियल टैक्स वसूल करेगा।


अन्य पोस्ट