दुर्ग
दुर्ग, 8 सितंबर। पुलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत कोनारी भरदा स्थित तांदुला शिवनाथ संगम से बुधवार की सुबह एक युवक का शव मिला है । युवक मंगलवार की सुबह घर से निकला था परंतु देर शाम तक घर वापस नहीं लौटा। तब उसके परिजनों ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। पुलगांव पुलिस युवक ने खुदकुशी की है या नहाने के दौरान हादसे से उसकी मौत हुई है इसकी जांच में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक सूचना मिली कि कोनारी भरदा पिकनिक स्पॉट के पास एक मोटरसाइकिल खड़ी हुई है जिस पर हेलमेट, चप्पल आदि रखा हुआ है और वहां पर कोई भी नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बुधवार की दोपहर को एसडीआरएफ की टीम ने नदी में तलाश शुरू की तो थोड़ी ही देर में एक युवक का शव मिला ।जानकारी के मुताबिक शव खुर्सीपार सेक्टर 11 जोन 1 निवासी एस हरीश कुमार 30 वर्ष का है। वह मंगलवार की सुबह बैंक से पैसा निकालने के लिए घर से अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकला था।
जब शाम तक युवक घर नहीं पहुंचा तब परिजनों ने उसकी पतासाजी प्रारंभ की। इसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत थाना में दर्ज कराई थी । बुधवार की सुबह लोगों ने पिकनिक स्पॉट के पास मोटरसाइकिल व अन्य सामान को देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी थी।