दुर्ग

गणेशोत्सव में शिव महापुराण कथा कल से
03-Sep-2022 4:16 PM
गणेशोत्सव में शिव महापुराण कथा कल से

कला मंदिर गंजपारा का रजत जयंती वर्ष, रत्न जडि़त गणेश की प्रतिमा बनी आकर्षण का केंद्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग ।
गणेशोत्सव में आकर्षक कलाकृति के लिए मशहूर कला मंदिर गंजपारा अपने स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर रत्न जडि़त करीब 20 फीट ऊंची गणेश की प्रतिमा स्थापना की गई है, वहीं थर्माकोल से निर्मित झांकियां और विशेष विद्युत साज-सज्जा आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। रजत जयंती वर्ष को यादगार बनाने समिति द्वारा 4 से 11 सितंबर तक भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया है। कोलकाता के श्रीकांत शर्मा बाल व्यास कथावाचक होगें। श्रद्धालु उनके कथावाचन का दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे। 4 सितंबर को शिव महापुराण कथा के शुरुआत के पूर्व प्रात: 11 बजे से दुर्गा मंदिर सत्तीचौरा से कथास्थल तक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में करीब 5 सौ की सं या में महिलाएं शामिल होगी। कथा के लिए कथास्थल कला मंदिर प्रियंका बोरवेल्स के पीछे भव्य वाटरप्रूफ पंडाल का निर्माण करवाया गया है। जहां एक साथ करीब 5हजार की संख्या में श्रद्धालु कथावाचन का लाभ ले सकेंगे। कथा श्रवण के लिए मु यमंत्री भूपेश बघेल आएंगे। इसके   अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

यह बातें  कला मंदिर समिति के प्रमुख विजय जैन और छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के दुर्ग जिला अध्यक्ष प्रहलाद रूंगटा ने शुक्रवार को मीडिया से संयुक्त चर्चा में कही।
इस दौरान कला मंदिर समिति के सदस्य संजय बोहरा, अजय शर्मा, अरविंद खंडेलवाल, रघुनंदन उजाला, गिरिश पारख, दिनेश सोमानी, बबलू बघेल, रितेश अग्रवाल भी मौजूद थे। कला मंदिर समिति के श्री जैन और श्री रूंगटा ने बताया कि कला मंदिर की स्थापना सन 1998 में की गई थी, तब से अब तक पूरे 25 वर्ष कला मंदिर का गणेशोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा है। इस वर्ष रजत जयंती वर्ष को यादगार बनाने भव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया गया है।

कथावाचक परम पूज्य श्रीकांत शर्मा बाल व्यास  का दुर्ग में चौथी बार आगमन हो रहा है। 10 वर्ष पूर्व वे श्री गंजपारा दुर्गोत्सव समिति द्वारा आयोजित देवी कथा में दुर्ग आए थे। तब उन्होंने केंद्रीय जेल दुर्ग में गौशाला की शुरुआत की थी।  श्रीकांत शर्मा बाल व्यास  350 गौशाला का संचालन कर रहे हैं। इसके अलावा उनके द्वारा स्कूलों का संचालन भी किया जा रहा है। वे अब तक देशभर में 1165 कथावाचन कर चुके हैं। कथावाचन के अंतिम दिन 11 सितंबर को दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक महाप्रसादी का वितरण  किया जाएगा।
 


अन्य पोस्ट