दुर्ग

महाराष्ट्र से तस्करी कर छत्तीसगढ़ में ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी भिलाई से गिरफ्तार, दो को राजनांदगांव पुलिस ने बार्डर पर पकड़ा
26-Aug-2022 4:40 PM
महाराष्ट्र से तस्करी कर छत्तीसगढ़ में ब्राउन शुगर सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी भिलाई से गिरफ्तार, दो को राजनांदगांव पुलिस ने बार्डर पर पकड़ा

भिलाई नगर, 26 अगस्त। चिचोला पुलिस राजनांदगांव द्वारा मादक पदार्थ ब्राउन शुगर तस्करी कर महाराष्ट्र से दुर्ग लेकर आ रहे दो आरोपियों को छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्र से पकड़ा गया है। आरोपियों के पास से 45 ग्राम ब्राउन शुगर एवं दुपहिया वाहन बरामद कर पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है। इस मामले में तीसरा एवं मुख्य आरोपी भिलाई के सेक्टर-5 से गिरफ्तार किया गया है। यहां भी आरोपी के पास से 2 ग्राम ब्राउन शुगर एवं विक्रय की गई रकम 90 हजार रूपये जब्त किए गए हैं।

राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि 24 अगस्त को मुखबीर से सूचना मिली कि आरोपी मोटर सायकल हीरो होण्डा सीबीजेड में मादक पदार्थ लेकर नागपुर से दुर्ग की ओर आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस चौकी चिचोला प्रभारी उप निरीक्षक चेतन सिंह चन्द्राकर और टीम ने बैरियार ग्राम रामपुर (खातुटोला) के पास नाकाबंदी कर मोटर सायकल वाहन क्रमांक सीजी 07 एलवाई 0612 को रोक चेक करने पर एक सिल्वर रैपर में रखी 45 ग्राम ब्राउन शुगर मिली। पूछताछ पर आरोपी ने दीपक कुमार गुप्ता (35 वर्ष) निवासी शंकर नगर बौद्ध विहार रोड शिव मंदिर के पास दुर्ग एवं सवार व्यक्ति चित्रकांत राजपूत  (31 वर्ष) निवासी ग्राम भरचट्टी थाना बेरला जिला बेमेतरा हाल में ऋषभ ग्रीन सिटी सी-15, दुर्ग, थाना पुलगांव जिला दुर्ग, चालक दीपक कुमार गुप्ता द्वारा भिलाई के निवासी विवेक सोना उर्फ विवेक हट्टी का माल होना बताने पर उक्त आरोपियों के विरूद्ध धारा 21 (बी) एनडीपीएस की विधिवत कार्यवाही की गयी। दुर्ग पहुंचकर विवेक सोना उर्फ विवेक हड्डी निवासी सेक्टर-5 सडक-8 के पीछे भिलाई को उसके घर के सामने पकड़ उसके कब्जे से 2 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ पर आरोपियों को लंबे समय से ब्राउन शुगर के कारोबार में संलिप्त होना पाया गया है।
 


अन्य पोस्ट