दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 28 अगस्त। छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश की जिले की अनेक राईस मिलर्स धज्जियां उड़ा रहे हैं। खाद्य विभाग द्वारा दबिश देकर किए गए धान उठाव, मिलिंग पश्चात जमा किए गए चावल एवं मिल में मौजूद चावल का सत्यापन किए जाने पर 17 राईस मिलों में 111833 क्विंटल कम चावल पाया गया, मौके पर मौजूद धान के लिहाज से इन मिलर्स ने धान का कस्टम मिलिंग कर लेने के पश्चात भी चावल जमा नहीं किया। वहीं एक मिलर्स के पास 1336 क्विंटल अधिक चावल पाया गया। सत्यापन पश्चात इसका खुलासा होने के उपरांत मामले में अ_ारह राइस मिलर्स के खिलाफ कलेक्टर न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि जिले में कस्टम मिलिंग का कार्य करने वाले 134 राइस मिलर्स द्वारा जून माह में ही समर्थन मूल्य पर उपार्जित संपूर्ण धानका उठाव कर लिया गया था इसके बावजूद अब तक मिलर्स ने कस्टम मिलिंग का पूरा चावल जमा नहीं किया है । सत्यापन के दौरान जिस पैमाने पर राइस मिलों से चावल गायब पाए गए हैं। इससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि इन मिलर्स ने मिलिंग पश्चात चावल जमा करने की बजाय उठाव किए गए धान का मिलिंग कर चावल को बाजार में ऊँचे दामों पर बेच दिए और कस्टम मिलिंग का चावल नान व एफसीआई में जमा ही नहीं किए। उठाव महिनों बाद भी चावल जमा नहीं किए जाने पर ही मिलों स्टाक सत्यापन के लिए कलेक्टर ने खाद्य विभाग को निर्देश दिए हैं
सत्यापन के दौरान सर्वाधिक श्रीभुवाल एग्रो कोनारी में सर्वाधिक 17828 क्विंटल चावल गायब पाया गया। मिलर्स द्वारा किए गए धान उठाओ के अनुसार अभी भी 19711 क्विंटल चावल जमा करना शेष है, मगर मौके पर मात्र 640 क्विंटल चावल एवं 1976 क्विंटल धान पाया गया।
इसी प्रकार गुरुदेव ट्रेडिंग कंपनी को नारी द्वारा 15625 क्विंटल चावल जमा किया जाना शेष है मगर जांच के दौरान यहां मौके पर धान एक भी क्विंटल नहीं था इसके बावजूद यहां मात्र 300 क्विंटल चावल मिला उक्त मिल से 15326 क्विंटल चावल गायब पाया गया इन मिलर्स द्वारा पिछले दो-तीन माह से चावल जमा नहीं किया जा रहा था।