दुर्ग
नाश्ता करने जा रहे थे ढाबा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 23 अगस्त। आज सुबह स्मृति नगर चौकी क्षेत्र अंतर्गत तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा से आ रही ट्रक को ठोकर मारी। इस हादसे में दो कॅालेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं एक घायल हो गया। कार में भिलाई-दुर्ग कॉलेज के तीन छात्र सवार थे। घटना की जानकारी लगने पर स्मृति नगर पुलिस ने मौका स्थल पहुंच घायल छात्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

स्मृति नगर चौकी प्रभारी युवराज देशमुख ने बताया कि आज सुबह करीब 5.45 बजे भिलाई एवं दुर्ग के दो कॉलेज के तीन छात्र कार क्रमांक सीजी 25 एच 9902 पर सवार होकर चाय नाश्ता के लिए राजनांदगांव की ओर जा रहे थे। नेशनल हाईवे बायपास रोड पर मारुति शोरूम के पास तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर तोड़ते हुए सामने से आ रही ट्रक को जोरदार ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मराजो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। मौके पर ही 2 छात्रों की मौत हो गई है।
घटना की सूचना के बाद स्मृति नगर पुलिस ने पहुंचकर कार में फंसे दो छात्रों के शव बमुश्किल कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला, जबकि गंभीर रूप से घायल एक छात्र एस. कामेश को जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में सौरभ यादव एवं समीर कुजूर की मौत हो गई है। घायल छात्र एस. कामेश पिता शिव लाल कामेश (20 वर्ष) निवासी निहारिका आरपी नगर थाना रामपुर जिला कोरबा, सेंट थॉमस कॉलेज रूआबांधा में बीकाम की पढ़ाई करता है।
मृतक छात्र में सौरभ यादव पिता सुरेन्द्र यादव निवासी कैलाश नगर दुर्ग, सुराना कॉलेज में पढ़ाई करता था जो कि दुर्घटना के समय कार चला रहा था। मृतक समीर कुजुर रांची से पढ़ाई करने सेंट थामस कॉलेज भिलाई आया हुआ था तथा वह में बीसीए का छात्र था, वर्तमान में प्रगति नगर रिसाली में किराए के मकान में रहता था।