दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 अगस्त। भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग में विभिन्न विभागों द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (इंजीनियरिंग शिक्षा के विशेष संदर्भ में )विषय पर राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है।
आज दिनांक 20.07.2022 को इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पर राष्ट्रीय वेबिनार का आयोजन किया गया। इस वेबिनार में मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) जी. आर. सिन्हा, एडजंक्ट प्रोफेसर, आई आई आई टी, बंगलौर थे। इस कार्यक्रम के संयोजक श्री ललित कुमार पी भईया थे। मुख्य वक्ता डॉ. सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 21वीं शताब्दी की पहली शिक्षा नीति है। इस पॉलिसी से समाज विकास और सतत प्रगति की ओर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र में एक अभिन्न प्रतिभा छिपी होती है, उस प्रतिभा को तलाशने और निखारने का काम यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति करेगी।
इस कार्यक्रम की सफलता पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री सुशील चंद्राकर जी ने बधाई दी है। कुलपति प्रो. (डॉ.) एच.के. पाठक ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि इस शिक्षा नीति में सभी विषयों को बराबर महत्व दिया गया है । कुलसचिव डॉ. वीरेन्द्र कुमार स्वर्णकार का मानना है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार होना चाहिए। इस वेबिनार में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र छात्राओं ने भाग लिया।