दुर्ग
धमाकों से डर गए लोग, ड्रायवर ने कूद कर बचाई जान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 20 अगस्त। बीती रात पॉवर हाउस मारूति शोरूम के पास पेट्रोल से भरी टैंकर में आग लग गई। आग की लपटें ऐसी थीं कि दूर-दूर तक धुआं ही धुआं दिखाई दे रहा था। आग लगने की सूचना मिलने बाद फायरबिग्रेड टीम मौके पर तो पहुंची, लेकिन वह भी टैंकर तक नहीं पहुंच पा रही थी।
आग के साथ बीच-बीच में टैंकर से धमाके भी हो रहे थे। जिससे लोगों में दहशत हो गई थी। इस दौरान फोरलेन पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया। ड्राइवर ने गाड़ी से कूदकर जान बचाई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।
कल रात फोरलेन पर उस समय हडक़ंप मच गया, जब बीच सडक़ पर अचानक टैंकर में आग लग गई। टैंकर में पेट्रोलियम पदार्थ था। टैंकर रायपुर से दुर्ग की ओर जा रहा था। आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। फायर ब्रिगेड टीम को सूचना के बाद करीब सवा 9 बजे तक वे पहुंच गई, लेकिन टैंकर तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मौके पर छावनी थाने की पुलिस व यातायात विभाग के जवानों ने मोर्चा संभाला। दमकल कर्मियों ने आग बुझाना शुरू कर दिया है। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।