दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 अगस्त। नगर पालिक निगम।शहर में पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करने अलसुबह आयुक्त प्रकाश सर्वे ने सुबह नल खुलने के समय मालवीय नगर,दीपक नगर सहित शिक्षक नगर व तकिया पारा वार्ड पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बस्तियों में पानी सप्लाई की व्यवस्था को सुचारु रूप से बनाए रखने निर्देश दिया। इस दौरान नलों से पानी व्यर्थ बहता देख अधिकारियों को नलों में टोंटी लगाए जाने निर्देशित किया।आयुक्त प्रकाश सर्वे को वार्ड के रहवासियों ने बताया कि यहां समस्या काफी गंभीर हो जाती थी। पहली बार अमृत मिशन के माध्यम से लोगों के घरों में पानी पहुंचा है। इससे पानी की समस्या कुछ हद तक दूर हो गई है। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने चार वार्डों में लोगों से पानी के प्रेशर के बारे में भी पूछा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त प्रकाश सर्वे ने देखा कि कुछ जगहों पर पानी व्यर्थ बह रहा था। इस पर उन्होंने ने लोगों से कहा कि पानी बहुत मूल्यवान वस्तु है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि यह देखें कि इसका उचित उपयोग हो सके। यदि सही तरीके से उपयोग किया जाए तो सबकी जरूरतों के हिसाब से पर्याप्त पानी है।
निरीक्षण के दौरान कुछ जगहों में प्रेशर की दिक्कत का मामला सामने आया। इस पर उन्होंने ने तकनीकी परीक्षण कर इसे दुरूस्त कराने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने निगम अधिकारियों से कहा कि दोनों वक्त नल खुलने के समय मानिटरिंग के लिए मौजूद रहें। किसी घर में यदि नल कनेक्शन में जलापूर्ति में कुछ समस्या आ रही है अथवा प्रेशर की कमी है तो इसे तुरंत ठीक करने की कार्रवाई की जाए।
हर शिकायत का तुरंत हो निराकरण, स्थल में पहुंचे
मालवीय नगर, दीपक नगर, शिक्षक नगर एव तकिया पारा वार्डों के इलाके में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। आयुक्त श्री सर्वे ने कहा कि अफसर खुद इस हिस्से में पहुंचे और समस्याओं की जांच कर इसमें तत्काल सुधार करें। इसके अलावा शहर के बाहुल्य इलाकों से भी पानी की समस्या को लेकर लगातार शिकायतें आ रही है। जिसका भी निराकरण किया जाए। इसके अलावा पार्षदों, जनप्रतिनिधियों या नागरिकों द्वारा पानी संकट की शिकायत प्राप्त होती है, उसका त्वरित निराकरण करें।
समस्या वाली हिस्से में करें निरीक्षण मरम्मत कार्य में तेजी लाएं
आयुक्त ने कहा कि जल विभाग के अफसर शहर के हर हिस्से का निरीक्षण करें। वार्डों में पहुंचकर पेयजल आपूर्ति से संबंधित जानकारी जुटाएं। जिन हिस्सों में शिकायतें बनी हुई है, उसकी वजह तलाश कर सुधार करें। इसके अलावा पाइप लाइन से लेकर किसी भी दूसरी तरह की समस्या पर मरम्मत कार्य भी तेजी से पूरा करें। ताकि लोगों को पानी के लिए जूझना न पड़े। किसी भी हिस्से के लोगों को जलसंकट से जूझने की स्थिति निर्मित नहीं होने देंगे।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता प्रमोद दुबे,सहायक अभियंता आर. के.जैन,उपअभियंता राजेन्द्र धबाले,उपअभियंता भीमराव,जलकार्य निरीक्षक नारायण ठाकुर,कपीश दीक्षित सहित अमृत मिशन के ठेकेदार मौजूद थे।


