दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 3 अगस्त। पड़ोसी द्वारा बिजली का तार निकाल देने से लाइट बंद होने पर समझाने गए प्रार्थी के साथ आरोपी ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे प्रार्थी को चोटें आई और उसे इलाज के लिए शासकीय अस्पताल पाटन में भर्ती किया गया। शिकायत पर उतई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी मंगल ठाकुर डीएसपी गिट्टी खदान, पुराना ऑफिस, गोंडपेंड्री थाना उतई निवासी है। उसके ही पड़ोस में आरोपी उमेंद्र यादव रहता है। 31 जुलाई की रात लगभग 8।30 बजे आरोपी पड़ोसी उमेंद्र यादव ने बिजली के तार को खींच दिया। इससे प्रार्थी के घर व आसपास के कुछ घरों की लाइट बंद हो गई। इस पर प्रार्थी ने आरोपी उमेंद्र से कहा कि वह ऐसा क्यों किया, तो आरोपी ने गुस्से में आकर प्रार्थी के साथ गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट की। इसके बाद आरोपी अपने घर से कुल्हाड़ी लाया और प्रार्थी पर वार कर दिया।