दुर्ग

हेमचंद यादव विवि, दुर्ग से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश सूची जारी
02-Aug-2022 6:28 PM
हेमचंद यादव विवि, दुर्ग से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश सूची जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 2 अगस्त। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश सूची जारी कर दी गई है। विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष के सभी संकायों हेतु ऑनलाईन आवेदन पत्र जमा करने की तिथि 31 जुलाई को समाप्त हो गई थी। इसके पश्चात् विश्वविद्यालय द्वारा 31 जुलाई की देर रात्रि प्रवेष पोर्टल बंद कर दिया गया, जिसके पश्चात् विभिन्न महाविद्यालयों ने  1 अगस्त को प्रात: अपने-अपने आईडी एवं पासवर्ड द्वारा अपने महाविद्यालय में प्रवेश के लिए प्राप्त ऑनलाईन आवेदनों को डाउनलोड कर प्रवेश प्रावीण्य सूची तैयार कर नोटिस बोर्ड में चस्पा की। प्रथम वर्ष में प्रवेश सूची जारी होने के कारण आज विभिन्न महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि कम छात्र संख्या वाले महाविद्यालयों में प्रवेश सूची प्रात: 11:00 बजे तक चस्पा कर दी थी, परन्तु बड़े महाविद्यालयों में छात्र संख्या अधिक होने के कारण तथा विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों को शासन के नियमानुसार प्रवेश सूची तैयार करने के कारण इन महाविद्यालयों में 3:00 बजे प्रवेश प्रावीण्य सूची घोषित की गई।

आज जो स्नातक प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रावीण्य सूची जारी की गई है उनमें 8 अगस्त तक विद्यार्थी अपने सम्पूर्ण दस्तावेज दिखाकर तथा निर्धारित शुल्क जमा कर प्रवेश ले सकेंगे। यदि 8 अगस्त के पश्चात् भी महाविद्यालयों में स्थान रिक्त रहेंगे तो वें शेष बचे विद्यार्थियों की प्रवेश प्रावीण्य सूची 10 अगस्त को जारी करेंगे। इस द्वितीय सूची वाले विद्यार्थियों को 16 अगस्त तक प्रवेश लेने की पात्रता होगी।

उल्लेखनीय है कि 31 जुलाई तक विष्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश हेतु 1,22,976 ऑनलाईन आवेदन प्राप्त हुए हैं। आज स्नातक स्तर की प्रवेश के प्रथम दिन कुल 36,558 सीटों में से समस्त महाविद्यालयों में सभी संकायों को मिलाकर कुल 9,336 विद्यार्थियों का प्रवेश हो चुका हैं। इस प्रकार प्रथम दिन ही लगभग 25 प्रतिशत विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया हैं। प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थी स्वयं संबंधित महाविद्यालयों में जाकर सूचना पटल का अवलोकन करते रहें महाविद्यालय द्वारा प्रवेश के लिए निर्धारित तिथि समाप्त हो जाने पर सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विद्यार्थी की होगी।


अन्य पोस्ट