दुर्ग

महंगाई के विरोध में छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच का प्रदर्शन
26-Jul-2022 4:02 PM
महंगाई के विरोध में छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच का प्रदर्शन

दुर्ग, 26 जुलाई।  मोदी सरकार द्वारा खाद्य सामग्रियों में लगाये गये 5 प्रतिशत जीएसटी एवं गैस, डीजल, पेट्रोल पर बढ़ाये गये एक्साईज, कस्टम ड्यूटी, सेस के कारण बढ़ी मंहगाई को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस महंगाई के विरोध में छत्तीसगढ़ स्वाभिमान मंच ने आज महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया। हाथों में पोस्टर लेकर मंच के कार्यकर्ता मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

मंच ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के 75 साल में किसी भी सरकार ने कभी खाद्य सामग्रियों पर टैक्स नहीं लगाया था। मोदी सरकार अपने कार्पोरेट मित्रों को दिए गए लाखों करोड़ों की छूट की राशि आम जनता से वसूल कर रही है। कलेक्टोरेट पहुंचकर मंच के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के नाम संयुक्त कलेक्टर जागेश्वर कौशल को 9 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इसमें खाद्य सहित शिक्षा और स्वास्थ्य सामग्रियों को जीएसटी के दायरे से बाहर रखने, गैस, डीजल, पेट्रोल पर बढ़ाई गई ड्यूटी और सेस वापस लेकर जनता को मंहगाई की मार से राहत देने की मांग की। इसके अलावा दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों का न्यूनतम पारिश्रमिक बढ़ाकर 800 रुपए प्रतिदिन, किसान स मान निधि की राशि बढ़ाकर 18 हजार रुपये वार्षिक, कृषि उपजों के लिये न्यूनतम मूल्य गारंटी कानून लागू करने, मनरेगा को कृषि से जोडक़र किसानों की मांग पर मजदूर उपलब्ध कराने, फसल बीमा योजना में गणना के लिये धान का मानक उत्पादन 30 क्विंटल और बीमित राशि बढ़ाकर 75 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर किए जाने, सभी प्रकार की योजनाओं में पेंशन की राशि बढ़ाकर प्रतिमाह 3 हजार रुपये करने और वन अधिकार कानून, पर्यावरण, जल और वायु प्रदूषण कानूनों में किए गए संशोधनों को वापस लेने की मांगें शामिल है।
इस विरोध प्रदर्शन में अध्यक्ष  राजकुमार गुप्त, पूरन साहू, ढालेश साहू, अरूण कुमार, शांतकुमार, भगतराम, राजेंद्र सिन्हा, चुम्मन लाल, खोमेंद्र साहू, हरदीप, अक्षय साहू आदि शामिल थे।


अन्य पोस्ट