दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 26 जुलाई। बहला-फुसलाकर एवं शादी का झांसा देकर नाबालिगसे रेप करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है।
अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी शिवकुमार सतनामी को धारा 366 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास, 100 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 1 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत 20 वर्ष सश्रम कारावास, 50000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 1 वर्ष अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी।
विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने बताया कि 20 अगस्त 2020 की सुबह आरोपी शिवकुमार सतनामी (32 वर्ष) भाठा पारा बलौदाबाजार हाल मुकाम थाना साजा, जिला बेमेतरा ने 13 वर्षीय नाबालिग को अपने प्यार के झांसे में लेते हुए और उसे बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देते हुए अपने साथ ग्राम हरिनभट्टा (सिमगा) ले गया। वहां पर उसने लगातार रेप किया।
22 अगस्त की रात को जब बच्ची घर नहीं पहुंची, तब उसकी मां ने अपनी जान पहचान वालों के घर बच्ची की तलाश की। जब बच्ची नहीं मिली तब उसने 2 सितंबर 2020 को चौकी स्मृति नगर में पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। 11 सितंबर 2020 को पुलिस ने आरोपी शिवकुमार सतनामी के कब्जे से बच्ची को बरामद किया।