दुर्ग

शराब के लिए रुपये न देने पर कैंची से हमला, दो पर जुर्म दर्ज
20-Jul-2022 3:29 PM
शराब के लिए रुपये न देने पर कैंची से हमला, दो पर जुर्म दर्ज

भिलाई नगर, 20 जुलाई। कल शाम बैकुंठधाम कैम्प-2 में फेरी लगा सामान बेच रहे युवक का रास्ता रोक जबरन शराब पीने के लिए  रुपये मांगने वाले दो युवकों ने मारपीट करते हुए कैंची से हमला कर दिया। देर रात रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक संतोषी पारा सुनील किराना दुकान के पास कैम्प-2 निवासी प्रमोद साहू (29 वर्ष)  फेरी लगाकर सीजन का खाने पीने का सामान बिक्री करता है। वह कल शाम बैकुण्ठ धाम निगम आफिस से अपने घर जा रहा था, तभी हुडको क्वार्टर के सामने खड़े कक्कू एवं नानू ने उसे रोका और शराब पीने के लिए जबरन रूपये मांगने लगे।

 रुपये न होने की बात कह प्रमोद आगे बढ़ गया तो कक्कू और नानू ने उसे पकड़ लिया। एक राय होकर गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने कैंची से प्रमोद पर कई कमरे किए। प्रमोद की पीठ, कमर, कुल्हा, बाएं भुजा में चोट आई है। इस दौरान कई लोगों के जमा होने पर आरोपी भाग गए। देर रात रिपोर्ट पर छावनी पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ धारा 294, 323, 327, 34 और 506बी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।


अन्य पोस्ट