दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 19 जुलाई। पचरी पारा स्थित यादव छात्रावास का 50 लाख की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। रविवार को वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की घोषणा के 30 लाख के भवन निर्माण का ना सिर्फ भूमिपूजन किया, बल्कि विधायक विकास निधि से 10 लाख के डोम एवं 10 लाख के पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य की स्वीकृति भी प्रदान की।
इस दौरान विधायक वोरा ने मोतीलाल वोरा को याद करते हुए कहा कि उनके मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में ही समाज को छात्रावास के लिए भूमि आबंटन प्राप्त हुआ था जिसके बाद सांसद विकास निधि से 20 लाख की लागत से छात्रों की सुविधा के लिए हॉस्टल का निर्माण कराया गया था। अब प्रदेश में भूपेश बघेल जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार आने के बाद पुन: सर्वहारा समाज के लिए विकास कार्य पूरी समदर्शिता से कराए जा रहे हैं। साहू समाज हो, ब्राम्हण समाज, निषाद समाज, ढीमर समाज, कोसरिया समाज सभी के लिए भव्य भवन सुख दुख के कार्यक्रम हेतु तैयार करवाये जा रहे हैं। आने वाले समय मे यादव समाज छात्रावास भी अपने भव्य स्वरूप में जल्द ही नजर आएगा।
इस दौरान पिछड़ा वर्ग उपाध्यक्ष आर एन वर्मा, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव , पार्षद ओम प्रकाश सेन, बोधराम यादव समेत समाज के सभी पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।