दुर्ग

शिवनाथ में कार डूबे बीते 48 घंटे
19-Jul-2022 3:22 PM
शिवनाथ में कार डूबे बीते 48 घंटे

डीप डाइवर 40 फीट गहरे पानी में लगा रहे गोता, एसपी ने बोट पर सवार हो किया मुआयना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 जुलाई।
शिवनाथ नदी स्थित बंद पड़े छोटे पुल से बहने वाले चार पहिया वाहन के संबंध में 48 घंटे के बाद भी कोई जानकारी नहीं लग सकी है। एनडीआरएफ लगातार सर्च मोर्चा संभाले हुए हैं, लेकिन फिलहाल कुछ भी हाथ नहीं लगा है। आज भी एनडीआरएफ के नेतृत्व में सुबह 6 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। तेज बहाव एवं करीबन 40 फीट पानी की गहराई और बढऩे से एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीमों की मुश्किल बढ़ा दी हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर संजय ध्रुव ने बताया कि 17-18 जुलाई की दरमियानी रात्रि 12.30 बजे के करीब शिवनाथ नदी के छोटे पुल को पार करते समय नदी में बहने वाले चार पहिया वाहन के संबंध में 48 घंटे गुजर गए पर उसकी कोई खबर प्राप्त नहीं हो सकी है।

आज नए सिरे से एनडीआरएफ की टीम के द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। दोपहर 1 बजे तक जारी तलाशी के बावजूद टीम को डूबे हुए वाहन के संबंध में कोई भी सुराग हाथ नहीं लगा है।
एनडीआरएफ की टीम को लीड कर रहे इंस्पेक्टर महावीर मोहंती ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि सुबह 6 बजे से एनडीआरएफ ने तलाशी अभियान शुरू किया है। 22 सदस्य की टीम में डीप डाईवर एवं तीन बोट के साथ रेस्क्यू किया जा रहा है। एनडीआरएफ के जवान बोट के माध्यम से नदी में उतर सर्च कर रहे हैं। एसडीआरएफ की टीम भी उन्हें सहयोग कर रही है। एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। दोनों ही फोर्स को मिलाकर करीबन 50 लोग इस सर्च ऑपरेशन में कार्य कर हैं।

श्री मोहंती ने बताया कि एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमों में शामिल डीप डाइवर्स द्वारा नदी के तेज बहाव होने के बावजूद 40 फीट से अधिक गहरे पानी में गोता लगाकर डूबे हुए वाहन को तलाश किया जा रहा है। बोट के सहारे घटनास्थल के आसपास रस्सियों के माध्यम से सर्च किया जा रहा है ताकि इस घटना से संबंधित डूबा हुआ वाहन अथवा कोई बॉडी बाहर निकाली जा सके।

एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के जवानों को इस 36 घंटे से जारी रेस्क्यू ऑपरेशन में शिवनाथ नदी के बढ़े हुए जल स्तर एवं तेज बहाव के कारण काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि करीबन 40 फीट से भी ज्यादा गहरे पानी में गोताखोरों को उतर कर इस कार्य को अंजाम देना पड़ रहा है। गहराई के साथ साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे जवानों को तेज बहाव के कारण भी अत्यधिक परेशानी हो रही है।

पुलिस अधीक्षक दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव भी आज दोपहर 1:15 बजे शिवनाथ नदी पहुंचे। उनके द्वारा सर्च अभियान के संबंध में एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ के टीम के साथ चर्चा की गई तथा अभियान में आ रही परेशानियों को समझा। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक स्वयं बोट में सवार हो गए और एनडीआरएफ टीम के जवानों के साथ उनके द्वारा नदी का मुआयना किया गया एवं घटना के संबंध में जानकारी ली गई।

एसपी डॉ. पल्लव ने ‘छत्तीसगढ़’ से कहा कि इस घटना में किसी संयुक्त परिवार अथवा एक ही परिवार के 3 से 4 लोगों के डूबने की ज्यादा संभावना है। यदि अलग-अलग परिवार के लोग होते तो गुम इंसान या पुलिस से अन्य परिजनों के द्वारा जरूर संपर्क किया गया होता परंतु अभी तक ऐसा कोई भी परिवार सामने नहीं आया है । मल्टीपल थ्योरी पर काम चल रहा है, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टी में 48 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है मैग्नेट के द्वारा एवं जाल के माध्यम से तलाश जारी है। डॉक्टर पल्लव ने कहा कि आधे घंटे तक घटनास्थल भ्रमण कर उन्होंने स्थिति को समझने का प्रयास किया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे जवानों का मनोबल बढ़ाने के लिए वे स्वयं उपस्थित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि मटमैला पानी होने के कारण कैमरे का इस्तेमाल करने में परेशानी हो रही है सर्च ऑपरेशन में लगी टीमों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है और जितनी जरूरत होगी, ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।
 


अन्य पोस्ट