दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मई। भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी डी। पुरंदेश्वरी ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि 2023 में सत्ता परिवर्तन की बयार बह रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भूपेश सरकार को सबक सिखाने का फैसला ले चुकी है। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का चेहरा पार्टी हाईकमान तय करेगी। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल ने गंगाजल हाथ में लेकर जनता से छत्तीस वायदे किए थे, इसमें कितने वायदे पूरे किए हैं यह किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है। इसका जीता जागता प्रमाण यह है कि सरकार के ही मंत्री जय सिंह अग्रवाल कलेक्टर के खिलाफ मुख्यमंत्री से शिकायत करते हैं। उन्होंने शिकायती पत्र भी दिखाया। उन्होंने कहा कि रेत व सीमेंट में भ्रष्टाचार से गरीबों को अपना घर बनाना मुश्किल हो गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ राज्य सरकार गरीबों को नहीं दिलवा पा रही है, जिसके कारण 8 लाख से अधिक आवासों की स्वीकृति रद्द हो गई है। उसी प्रकार रेडी टू ईट योजना के कार्य को राज्य सरकार ने महिलाओं से छिन लिया है और अपने चहेतों को इसके संचालन की जि मेदारी सौंप दी है। गौठानों में चारा-पानी की व्यवस्था नहीं है। सरकार युवाओं से वादाखिलाफी करते हुए बेरोजगारी भत्ता देने के वायदे से मुकर गई है।
उपचुनावों में भाजपा की हार पर उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष को इसका लाभ मिलता है और खैरागढ़ उपचुनाव में मुख्यमंत्री ने 200 से अधिक सभाएं की और पूरे मंत्रियों को झोंक दिया। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में नए चेहरों को पर्याप्त अवसर दिया जाएगा।