दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 मार्च। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा शहर के आवासहीन गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान देने लगभग 33 करोड़ की लागत से वार्ड 34 सरस्वती नगर मे निगम द्वारा निर्माणाधीन 522 मकानों में जबरदस्ती कब्जा कराए जाने के मुद्दे को लेकर आज भाजपा पार्षदों ने डाटा सेंटर में निगम कमिश्नर हरेश मंडावी को ज्ञापन सौंपकर अवकाश के दिनों में सोची-समझी योजना के तहत अपने चहते लोगों को कब्जा कराने वाले कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ एफ आई आर दर्ज कराकर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा के नेतृत्व में पहुंचे भाजपा पार्षदों ने शहर विधायक अरुण वोरा पर कब्जा कराने वाले कांग्रेसीयो को सरंक्षण देने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध जमकर नारेबाजी की तथा निगम आयुक्त से पूछा कि केंद्र मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कि सरकार द्वारा दिए करोड़ों की राशि से बन रही आवास में प्रायोजित ढंग से कब्जा कराने के पीछे सत्ताधारी बड़े नेताओ का हाथ है। जिसकी जांच कर दोषी नेताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई आवश्यक है।
इस अवसर पर भाजपा की वरिष्ठ पार्षद गायत्री साहू,चंद्रशेखर चंद्राकर,देवनारायण चंद्राकर, कांशीराम कोसरे,नरेंद्र बंजारे,नरेश तेजवानी,अजित वैद्य,ओमप्रकाश सेन,मनीष साहू,चमेली साहू,लीना दिनेश देवांगन,शशि द्वारिका साहू,पुष्पा गुलाब वर्मा, हेमा शर्मा, कुमारी राकेश साहू जगदीश शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
भाजपा पार्षदों कि ओर से तीन बिंदुओं पर सौंपे ज्ञापन पर निगम आयुक्त को जानकारी देते हुए नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा ने कहा कि खुलेआम महिला कांग्रेस के अध्यक्ष व पूर्व पार्षद कन्या ढीमर व सत्ताधारी निगम के एल्डरमैन जगमोहन ढीमर तथा अन्य कांग्रेसी महिलाओं की उपस्थिति में किए गए। खुलेआम कब्जा से उक्त मकान ही नहीं अन्य क्षेत्रों में निर्माणधीन मकान भी खतरे में है। अत: इस प्रकार के कब्जा हेतु लोगो को गुमराह करने वाले नेताओ के खिलाफ कड़ी आवश्यक है। इसी प्रकार किराए में रह रहे आवास हीन लोगों को मकान देने पूर्व परिषद के सर्वे सूची को आधार बनाकर शीघ्र ही आवंटन हेतु प्रक्रिया प्रारम्भ किया जाए तथा तब तक निर्माणधीन सभी मकानों में कब्जा रोकने सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था आवश्यक है, ताकि कोई कब्जाधारी मकानों में घस न सके।
नेता प्रतिपक्ष अजय वर्मा ने आगे कहा कि पीएम आवास में कब्जा किए जाने का मामला बेहद गम्भीर है और यदि इस पर कठोरता से लगाम नहीं लगाया गया तो गरीबों के लिए बने इस सबसे बड़ी योजना पर डाका डालने लोग इसी प्रकार के अंजाम देते रहेंगे। इस अवसर निगम आयुक्त ने भाजपा पार्षदों को जानकारी देते हुए बताया कि सभी आवासों को सुरक्षित रखने निगम पर्याप्त व्यवस्था करेंगी और सरस्वती नगर के मकानों पर कब्जा कराने वाले के खिलाफ हेतु पुलिस प्रशासन को पत्र लिखा है।