दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमधा, 12 फरवरी । धमधा के छै अगर छै कोरी तरिया (126 तालाब)को पुनर्जीवित किया जाएगा। सभी तालाबों की वास्तविक जानकारी जुटाकर उन्हें जल्द से जल्द ही कब्जामुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी साथ ही लोगों को इस धरोहर के बारे में जागरूक भी किया जाएगा, इसके लिए अनुविभागीय अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है।
धमधा एसडीएम ने तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं पटवारी की आकस्मिक बैठक ली, दो दिन के भीतर धमधा के सभी तालाबों का डाटा जुटाने के निर्देश दिए। इसमें कितने तलाब अभी जीवित हैं, कितने तालाब पट चुके हैं, कितने तालाब शासकीय भूमि पर है, लेकिन वहां वर्तमान में अवैध कब्जे हो चुके हैं इसकी जानकारी जुटाने इसके पश्चात चरणबद्ध तरीके से तालाबों के सीमांकन की कार्रवाई की जाएगी। शासकीय भूमि पर स्थित तालाबों पर मौका मुआयना किया जाएगा। वहां कब्जा धारियों को स्वयं से हटने कहा जाएगा नागरिकों के सहयोग से सर्वसम्मति से शासकीय तालाबों के कब्जे हटाए जाएंगे। इसके बाद भी शासकीय तालाबों पर कब्जे नहीं हटाए गए तो उनके खिलाफ नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम बृजेश सिंह क्षत्रीय ने बताया कि धमधा में 126 तालाबों की अनोखी श्रृंखला है, लेकिन इसकी देखरेख नहीं होने से यह पट रहे हैं। यह अनोखी सांस्कृतिक विरासत है, जिससे किसानों को खेती के लिए सिंचाई जल उपलब्ध होता था. जल संरक्षण भी होता था। धमधा के इस पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में कार्ययोजना बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के नरवा, गरवा, घुरवा, बारी के तहत जल संरक्षण को महत्व दिया जा रहा है। मंशानुरूप इन तालाबों का संरक्षण किया जाएगा।
इसमें जनप्रतिनिधियों एवं नगरवासियों का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से अपील कि तालाबों से संबंधित जानकारी हो तो राजस्व अमले से साझा करें। जिन्होंने शासकीय तालाबों पर कब्जा किया है वे स्वत: जल संरक्षण जैसे पुनीत. कार्य के लिए कब्जा छोड़ें पहले चरण में शासकीय तालाबों को लिया जाएगा। इसके बाद निजी तालाबों के संरक्षण के लिए भी पहल की जाएगी इसमें तहसीलदार राम कुमार सोनकर, नायब तहसीलदार, हुलेश्वर पटेल, पटवारी ओंकार देशमुख उपस्थित थे।