दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 9 अक्टूबर। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत तरल अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन जिला पंचायत दुर्ग के सभाकक्ष में किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं वाटरएड के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।
वाटरएड से जिला समन्वयक विशाल कतरे एवं सुरेश कापसे द्वारा ग्रे वाटर मैनेजमेंट विषय पर प्रतिभागियों को तकनीकी जानकारी दी गई। सोख्ता गड्ढा निर्माण के विभिन्न मॉडलों के संबंध में पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी गई।
एस आलोक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग द्वारा प्रतिभागियों को स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण 2021 के संबंध में सिटिजन फिडबैक दर्ज किये जाने हेतु जानकारी दी गई एवं उपस्थित सभी प्रतिभागियों से सिटिजन फिडबैक दर्ज कराया गया। स्थायित्व एवं सुजलाम अभियान अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक सोख्ता गड्ढे का निर्माण कर ग्राम को पूर्णत: ग्रे-वाटर मैनेजमेंट युक्त किये जाने के निर्देश दिये गये। इस हेतु जिले के 55 ग्रामों में 529 सोख्ता गड्ढा निर्माण किये जाने हेतु प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर राशि जारी की जा चुकी है एवं ऐसे हैण्डपम्प जिनके समीप सोख्ता गड्ढों का निर्माण किया जाना है।
उनके प्रस्ताव मांगाये जा रहे है। स्वच्छता आंदोलन को प्रबल बनाने हेतु 02 अक्टूबर, 21 से 31 जनवरी, 2022 तक आगामी 04 महीने तक ‘‘दस का दम स्वच्छता हरदम‘‘ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 10 मुख्य स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। बैठक में जनपद पंचायत दुर्ग, धमधा एवं पाटन के प्रभारी अधिकारीगण उपस्थित थे।