दुर्ग
जानलेवा तालाब एवं खस्ताहाल आंगनबाड़ी तत्काल सुधारें-वोरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 2 अक्टूबर। कैलाश नगर वार्ड 22 स्थित कैलाश सरोवर नागरिकों, बच्चों के साथ-साथ जानवरों के लिए भी खतरनाक हो गया है। साथ ही जर्जर भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में मासूम बच्चे जान हथेली पर लेकर पढ़ाई करने मजबूर है। वार्ड दौरे के दौरान कैलाश नगर पहुंचे विधायक अरुण वोरा से नागरिकों ने गंभीर समस्याओं के त्वरित निराकरण की मांग की।
चारों तरफ से तालाब का पार खुला होने एवं फेंसिंग नहीं होने से दुर्घटना की आशंका को गंभीरता से लेते हुए वोरा ने निगम आयुक्त से तत्काल दुर्घटना रोकने ठोस उपाय करने के निर्देश देते हुए कहा कि आसपास के निवासियों के अलावा तालाब कभी भी बच्चों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है एवं सीधी ढलान होने के कारण तैरना जानने वाले लोगों के लिए भी तालाब खतरनाक है।
उन्होंने कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भूरे से चर्चा कर तालाब की समस्या को संज्ञान में लेने एवं आंगनबाड़ी केंद्र के नवीन भवन निर्माण के लिए डीएमएफ मद से राशि स्वीकृत करने को कहा। इस आशय पर उन्होंने नगरीय निकाय मंत्री शिव डहरिया से भी बात की। उन्होंने शहर के 5 तालाबों के संवर्धन एवं सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 8 करोड़ रुपए की राशि हेतु जल्द से जल्द प्रस्ताव बनाने निगम आयुक्त को निर्देशित किया। अधोसंरचना निर्माण के लिए 5 करोड़, अंतराष्ट्रीय मापदंडों के अनुरूप स्विमिंग पूल निर्माण हेतु 5 करोड़ एवं दो स्थानों पर ओपन स्टेडियम निर्माण हेतु ढाई-ढाई करोड़ की स्वीकृति देने हेतु धन्यवाद दिया। वार्ड भ्रमण के दौरान वार्ड पार्षद काशीराम रात्रे, एमआईसी जयश्री जोशी, ब्लॉक अध्यक्ष महीप सिंह भुआल, आकाश मजूमदार, पप्पू श्रीवास्तव, शंकर ठाकुर, अमित देवांगन, नीलू ठाकुर, आयुष शर्मा, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता आर के पांडेय, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता मौजूद थे।


