दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 30 सितंबर। बेरला थाना के सांकरा गांव में एक तरफा प्रेम में चार साल के बच्चे की हत्या कर दी गई है। आरोपी, बच्चे की मां से प्यार करता था, कई बार वो इस बात को उस महिला से भी कह चुका था, लेकिन महिला बार-बार उसे इंकार कर देती थी। इसी बात से गुस्से में आकर आरोपी ने महिला के बच्चे की फावड़ा और टंगिया मारकर हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी को घर से भागते समय ही गिरफ्तार किया है।
बेरला पुलिस ने बताया कि सांकरा निवासी भुनेश्वर साहू (25 वर्ष) इसी गांव की शादीशुदा महिला से प्यार करता था। जब भुनेश्वर इस बात को महिला से कहा करता था, तब महिला से उसका विवाद हो जाता था। भुनेश्वर इसी बात से नाराज रहता था। जब कल शाम को भुनेश्वर ने देखा कि महिला का बेटा हेमेश धनकर घर के पास ही बहने वाली एक छोटी नाली में मछली पकडऩे का प्रयास कर रहा है तो भुनेश्वर हेमेश के पास चल गया और कहने लगा कि हेमेश तुमसे मछली पकड़ते नहीं बनता। मेरे घर चलो मैं तुम्हें मच्छरदानी दूंगा। मच्छरदानी से तुम अच्छे से मछली पकड़ पाओगे। भुनेश्वर हेमेश को लेकर अपने साथ घर चला गया। घर पहुंचते ही भुनेश्वर ने हेमेश के गले पर फावड़ा से वार किया, जिससे हेमेश नीचे गिर गया, फिर टंगिया लेकर भी उसके शरीर पर कई वार कर दिया। इससे हेमेश की मौके पर ही मौत हो गई। हेमेश के शरीर से काफी खून बह चुका था। वारदात को अंजाम देकर हेमेश भाग निकला था।
भुनेश्वर के घर में जैसे ही उसके परिजन पहुंचे तो उन्होंने देखा कि हेमेश जमीन पर खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। जिसके बाद हेमेश के परिजनों को भी इस बात की सूचना दी गई। जिस पर वे सभी मौके पर पहुंचे और हेमेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद हेमेश के परिजनों ने बेरला पुलिस में भुनेश्वर के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने भुनेश्वर की तलाश शुरू की तो भुनेश्वर घर से भाग कर बेरला की तरफ जा रहा था, जिसे पुलिस ने रास्ते में ही पकड़ लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया है और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है।


