कोरबा

12वीं का रिजल्ट सुधरा, 10वीं का गिरा, मेरिट लिस्ट में शून्य
30-Apr-2026 10:18 PM
12वीं का रिजल्ट सुधरा, 10वीं का गिरा, मेरिट लिस्ट में शून्य

कोरबा में डीएमएफ की कोचिंग योजनाएं भी कमाल नहीं कर पाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 2025-26 के 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों ने कोरबा जिले की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बार जहां 12वीं के परिणाम में सुधार देखने को मिला, वहीं 10वीं में गिरावट दर्ज की गई। सबसे बड़ी बात यह रही कि जिले का एक भी छात्र दोनों कक्षाओं की मेरिट सूची में जगह नहीं बना सका।

कक्षा 10 में इस वर्ष 74.44 फीसदी छात्र पास हुए, जो पिछले साल की तुलना में करीब 3त्न कम है। वहीं कक्षा 12 में 83.48 फीसदी परिणाम दर्ज हुआ, जो पिछले वर्ष से 4.26 फीसदी अधिक है।

कक्षा 10 में 12,691 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से 1,983 छात्र असफल रहे। वहीं 12वीं में 9,517 छात्रों में से 570 छात्र फेल हुए। इसके अलावा 988 छात्रों को सप्लीमेंट्री देना पड़ेगा।

जिले में शिक्षा सुधार के लिए संसाधनों का पुनर्गठन, अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति, अतिरिक्त कक्षाएं और डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन से आवासीय कोचिंग योजना चलाई गईं। इसके बावजूद इनका अपेक्षित प्रभाव नहीं दिखा। डीएमएफ से संचालित रेसिडेंशियल क्लासेज छात्रों की कम भागीदारी के कारण लंबे समय तक नहीं चल सकीं।

जिले के स्वामी आत्मानंद स्कूलों से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन यहां से भी कोई छात्र मेरिट में नहीं आ सका। पर्याप्त संसाधन और प्रशिक्षण के बावजूद ये स्कूल अपेक्षित स्तर हासिल नहीं कर पाए।

हर बार की तरह जिले में इस बार भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। कक्षा 10 में लड़कियों का पास प्रतिशत 82.02 फीसदी रहा, जबकि लडक़ों का 71.87 फीसदी है। इसी तरह कक्षा 12 में लड़कियों का परिणाम 87.13 फीसदी और लडक़ों का 77.87 फीसदी रहा।


अन्य पोस्ट