कारोबार
सीआईआई एमएसएमई कॉन्क्लेव में उद्योग जगत और नीति-निर्माता आए साथ
रायपुर, 29 सितंबर। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) छत्तीसगढ़ राज्य परिषद ने बताया कि आयोजित एमएसएमई कॉन्क्लेव 2.0 का पहला दिन आज रायपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कॉन्क्लेव का विषय ‘नवाचार एवं सतत औद्योगिक विकास द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों का सशक्तिकरण’ रहा। इसमें 250 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें वरिष्ठ नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि तथा राज्यभर से आए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमी शामिल रहे।
सीआईआई ने बताया कि कॉन्क्लेव का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस अवसर पर श्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ का विकास उसके छोटे कारखानों और कार्यशालाओं से होगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, अच्छी सडक़ें और त्वरित स्वीकृतियां सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों की मजबूत नींव हैं और सरकार इन तीनों क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि राज्य की औद्योगिक विकास नीति के केंद्र में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर या सरगुजा के उद्यमी को भी रायपुर के समान त्वरित सेवाएं मिलें, यही सरकार का लक्ष्य है। छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में तैयार भूमि और तुरंत उपयोग के लिए उपलब्ध अधोसंरचना की सुविधा से छोटी औद्योगिक इकाइयों का उत्पादन जल्द शुरू हो सकेगा।
सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक श्री बजरंग गोयल ने बताया कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम राज्य की औद्योगिक मूल्य-श्रृंखला की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि सीआईआई उद्यम और शासन के बीच सेतु की भूमिका निभाता रहेगा। सीआईआई छत्तीसगढ़ एमएसएमई पैनल के संयोजक एवं आरती स्पंज एंड पावर लिमिटेड के निदेशक श्री आदित्य मूंदड़ा ने विषय की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि तकनीक, वित्त और नियमों के अनुपालन में सुधार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के विकास के तीन प्रमुख आधार हैं।