कारोबार
रायगढ़ में हितधारक सम्मेलन रहा सफल
रायपुर, 26 सितंबर। विश्व मानक दिवस 2026 के अंतर्गत भारतीय मानक ब्यूरो, रायपुर शाखा कार्यालय द्वारा 25 सितंबर 2026 को होटल श्रेष्ठा, रायगढ़ में हितधारक सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायगढ़ क्षेत्र के उद्योग, विनिर्माण, शैक्षणिक संस्थानों, प्रयोगशालाओं एवं अन्य हितधारकों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
भारतीय मानक ब्यूरो रायपुर शाखा कार्यालय ने बताया कि वैज्ञानिक डी एवं संयुक्त निदेशक फालेन्द्र कुमार, केंद्रीय पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान सीपेट, कोरबा के प्रबंधक तकनीकी राजीव लिल्हारे, जिंदल स्टील प्लांट रायगढ़ के कार्यकारी निदेशक एवं इकाई प्रमुख देबोज्योति रॉय, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र रायगढ़ की महाप्रबंधक अंजु नायक तथा भारतीय मानक ब्यूरो के उप निदेशक राहुल कुमार गुप्ता सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
बीआईएस ने बताया कि कार्यक्रम के स्वागत उद्बोधन में फालेन्द्र कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए मानकीकरण, गुणवत्ता तथा सतत विकास के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने हितधारकों के बीच सहयोग एवं साझेदारी को सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण आधार बताया। साथ ही भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा संचालित विभिन्न जनसंपर्क कार्यक्रमों एवं हितधारकों से जुड़ाव के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। राजीव लिल्हारे ने सीपेट की विभिन्न गतिविधियों एवं तकनीकी योगदान के संबंध में जानकारी दी। रायगढ़ क्षेत्र के उद्योग एवं विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों, स्थानीय शैक्षणिक संस्थानों में गठित मानक क्लबों के शिक्षकों एवं छात्र सदस्यों सहित 140 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की। मानक क्लब के छात्र सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।