कारोबार

वाईआई युवा उत्सव चैंपियंस कार्निवल 2026 में कलिंगा विश्वविद्यालय ने जीते 20 खिताब
25-Sep-2026 2:51 PM
वाईआई युवा उत्सव चैंपियंस कार्निवल 2026 में कलिंगा विश्वविद्यालय ने जीते 20 खिताब

उप मुख्यमंत्री साव द्वारा सम्मान और सराहना

रायपुर, 25 सितंबर। कलिंगा विश्वविद्यालय ने बताया कि युवा उत्सव 5.0 भारतीय उद्योग परिसंघ के वाईआई द्वारा आयोजित एक प्रमुख वार्षिक युवा सम्मेलन है, जो उद्यमिता, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नेतृत्व और वित्तीय साक्षरता पर केंद्रित है।

कलिंगा ने बताया कि एक भारत भावना के संकल्प के तहत आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता, नवाचार और नेतृत्व की ओर प्रेरित करना था। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी उभरती तकनीकों के साथ स्टार्टअप और वित्तीय सशक्तिकरण के अवसरों पर जोर दिया गया। वाईआई रायपुर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय अंतरविश्वविद्यालयीन उत्सव युवा उत्सव 5.0 चैंपियंस कार्निवल 2026 में कलिंगा विश्वविद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। कलिंगा विश्वविद्यालय के 765 छात्रों के दल ने 8 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के परिसरों में आयोजित खेल, बौद्धिक और कलात्मक प्रतियोगिताओं में सक्रिय रूप से भाग लिया।

कलिंगा ने बताया कि असाधारण कौशल और टीम भावना का प्रदर्शन करते हुए कलिंगा विश्वविद्यालय ने कुल 20 खिताब जीतकर समग्र प्रतियोगिताओं में शीर्ष सम्मान प्राप्त किया। इस उल्लेखनीय प्रदर्शन के अलावा विश्वविद्यालय को उत्सव में सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल भेजने के लिए अधिकतम सहभागिता पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विजेता छात्रों को सम्मानित किया। समारोह के दौरान कलिंगा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले वाईआई के समन्वयक डॉ. योगेश वैष्णव और शारीरिक शिक्षा के सहायक प्राध्यापक डॉ. संजीव कुमार यादव को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।


अन्य पोस्ट