कारोबार
कांकेर, 23 सितंबर। जेपी इंटरनेशनल स्कूल ने बताया कि घुंघरुओं की मीठी खनक, पखावज की गूंज और मंच पर हवा में हैरतअंगेज करतब दिखाते नन्हे कलाकार—जे पी इंटरनेशनल स्कूल, सारंगपाल में कुछ ऐसा ही कमाल का नजारा देखने को मिला। सेवा से संकल्प माह के पावन उपलक्ष्य में स्पिक मैके के सौजन्य से ओडिशा की प्राचीन व मशहूर नृत्य शैली गोटीपुआ का शानदार मंचन हुआ, जिसने पूरे हॉल को मंत्रमुग्ध कर दिया।
स्कूल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री गणेश के विधि-विधान से पूजन, मंत्रोचार और दीप प्रवलन के साथ हुई। भक्तिमय माहौल के बीच स्कूल परिवार ने नक्षत्र गुरुकुल, भुवनेश्वर (ओडिशा) से आए इन प्यारे और हुनरमंद बाल कलाकारों, उनके गुरु तथा संगतकार कलाकारों का रोली-तिलक लगाकर और पुष्पगुछ देकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद नक्षत्र गुरुकुल, भुवनेश्वर से आए इन छोटे-छोटे बचों ने अपने गुरु बिजय साहू के कुशल मार्गदर्शन में जब पारंपरिक वेशभूषा, सुंदर श्रृंगार और गजरे में सजकर मंच पर कदम रखा, तो भगवान जगन्नाथ की वंदना से पूरा माहौल भक्ति रस में डूब गया।
स्कूल ने बताया कि प्रस्तुति को जीवंत बनाने में संगतकार कलाकारों की अहम भूमिका रही; पखावज (मर्दल) की सधी हुई थाप, मंजीरे की झंकार, हारमोनियम के मधुर सुर और सुरीले गायन ने नृत्य के हर भाव को नई ऊंचाई दी। संगतकारों के साथ सटीक तालमेल बिठाते हुए बचों ने जब तेज ताल पर बंध नृत्य पेश किया, तो असली रोमांच छा गया। कभी शरीर को धनुष की तरह मोडऩा तो कभी एक-दूसरे के कंधों पर चढक़र खूबसूरत पिरामिड और रथ बनाना—गुरु बिजय साहू के सानिध्य में तराशे गए इन नन्हे कलाकारों के अनोखे संतुलन और लचीलेपन को देख दर्शक अपनी सांसें थामे बैठे रहे। हर एक मुद्रा पर पूरा हॉल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठता।