कारोबार
रायपुर, 22 सितंबर। व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स कैट के युवा प्रदेश अध्यक्ष कांति पटेल, युवा प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह एवं युवा प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए युवा कैट छत्तीसगढ़ द्वारा स्वास्थ्य भी, व्यापार भी अभियान के अंतर्गत 24 सितंबर 2026 को मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
श्री पटेल ने बताया कि यह आयोजन कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी के जन्मदिवस के अवसर पर किया जा रहा है। युवा कैट द्वारा अमर परवानी के जन्मदिवस को स्वास्थ्य, सेवा एवं जनहित की पहल के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। व्यापारिक समुदाय के प्रति उनकी निरंतर सक्रियता एवं मार्गदर्शन को सम्मान देते हुए यह आयोजन स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा को समर्पित रहेगा। यह मेगा स्वास्थ्य शिविर 24 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कैट कार्यालय, हीरा आर्केड, पंडरी के सामने, रायपुर में आयोजित होगा।
श्री पटेल ने बताया कि शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। युवा कैट के प्रदेश पदाधिकारियों ने बताया कि व्यापारिक समुदाय दिनभर अपने व्यवसाय, ग्राहकों एवं व्यापारिक जिम्मेदारियों में व्यस्त रहता है। व्यस्त दिनचर्या के कारण कई बार व्यापारी अपने स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं देखभाल के लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पाते।
श्री पटेल ने बताया कि इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य भी, व्यापार भी अभियान के माध्यम से व्यापारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श एवं स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। एक स्वस्थ व्यापारी ही स्वस्थ परिवार और मजबूत व्यापार की नींव रख सकता है। व्यापार की निरंतर प्रगति के साथ स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना भी उतना ही आवश्यक है।