कारोबार
170+ संपत्तियों की बुकिंग से बना नया रिकॉर्ड
रायपुर, 22 सितंबर। क्रेडाई ने बताया कि क्रेडाई प्रॉपर्टी एक्सपो 2026 के तीन दिवसीय आयोजन में 170 से अधिक संपत्तियों की बुकिंग ने नया रिकॉर्ड बनाया। इसकी मुख्य वजह क्रेडाई छत्तीसगढ़ द्वारा एक्सपो के दौरान बुकिंग पर रजिस्ट्री और स्टाम्प शुल्क में 50 प्रतिशत छूट देने की घोषणा रही। इस एक्सपो में 3800 से अधिक लोगों ने भ्रमण किया।
क्रेडाई ने बताया समापन के अवसर पर हर साल की तरह लकी ड्रॉ निकाला गया, जिसके सात विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। इस दौरान स्टॉल संचालकों और एक्सपो के सहयोगियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर को सबसे शांतिपूर्ण शहर बताते हुए कहा कि क्रेडाई को इस बात पर ध्यान देना चाहिए कि मध्यमवर्गीय परिवारों को आसानी से आवास कैसे उपलब्ध कराया जा सके।
सांसद अग्रवाल ने बताया कि जब से क्रेडाई के इस आयोजन की शुरुआत हुई है, वे हर साल इसमें शामिल होते रहे हैं, इसलिए वे यहां अतिथि नहीं बल्कि क्रेडाई परिवार का स्थायी हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने छत्तीसगढ़ को विकसित होते देखा है। आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में छत्तीसगढ़ और शहरों में रायपुर का नाम शामिल है।
श्री अग्रवाल ने बताया कि रायपुर आज एक बेहद शांतिपूर्ण शहर है और आने वाले दिनों में यह और भी सुंदर होगा। उन्होंने क्रेडाई सदस्यों से मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने का आह्वान किया, क्योंकि उन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। यदि गुणवत्ता और संख्या दोनों के साथ निर्माण किया जाएगा तो इससे प्रतिष्ठा भी बढ़ेगी।