कारोबार
युवा कैट
रायपुर, 11 सितंबर। युवा कैट प्रदेश अध्यक्ष कांती पटेल, प्रदेश महामंत्री रतनदीप सिंह एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष भरत भूषण गुप्ता ने बताया कि व्यापार जगत तेजी से डिजिटल और तकनीकी युग की ओर बढ़ रहा है। ऐसे समय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) व्यापारियों के लिए केवल आधुनिक तकनीक नहीं, बल्कि कारोबार को अधिक स्मार्ट, तेज और लाभदायक बनाने वाला एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साधन बनकर उभर रहा है।
युवा कैट ने बताया कि इसी दिशा में व्यापारियों को एआई की व्यावहारिक जानकारी देने और इसके माध्यम से अपने व्यवसाय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से युवा कैट द्वारा विशेष एआई प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। युवा कैट का उद्देश्य व्यापारियों को यह समझाना है कि एआई का उपयोग केवल बड़ी कंपनियों तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटे दुकानदार, थोक व्यापारी, खुदरा व्यापारी, सेवा प्रदाता और युवा उद्यमी भी इसका प्रभावी उपयोग कर सकते हैं।
युवा कैट ने बताया कि कार्यशाला में व्यापारियों को बताया जाएगा कि एआई की मदद से व्यवसाय का प्रचार-प्रसार, सामाजिक माध्यमों के लिए सामग्री तैयार करना, ग्राहक संवाद, उत्पाद की जानकारी तैयार करना, बाजार की जानकारी जुटाना, ई-मेल एवं पत्राचार, रिपोर्ट तैयार करना तथा रोजमर्रा के कार्यालयीन कार्यों को कम समय में कैसे पूरा किया जा सकता है। इससे व्यापारियों का बहुमूल्य समय बचने के साथ-साथ कार्यक्षमता बढ़ेगी और कई कार्यों की लागत भी कम की जा सकेगी।
युवा कैट ने बताया कि आने वाला समय एआई आधारित व्यापार का है। जो व्यापारी समय रहते इस तकनीक को समझकर अपने कारोबार में अपनाएंगे, वे प्रतिस्पर्धा के इस दौर में अधिक तेजी से आगे बढ़ सकेंगे। एआई व्यापारी का स्थान लेने के लिए नहीं, बल्कि व्यापारी की क्षमता को कई गुना बढ़ाने के लिए एक प्रभावी सहायक के रूप में काम करेगा।