कारोबार
शा. फिजियोथेरेपी महावि. में रंगोली और पोस्टर स्पर्धा
रायपुर, 11 सितंबर। शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय रायपुर ने बताया कि 8 सितंबर को विश्व फिजियोथेरेपी दिवस मनाया गया इस अवसर पर डॉ कृष्णकांत साहू, विभागाध्यक्ष, कार्डियोवैस्कुलर सर्जरी, डॉ भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महाविद्यालय ने बताया कि अध्ययन रत बीपीटी के छात्रों हेतु रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं का थीम ‘कार्डियोवैस्कुलर कंडीशंस और स्ट्रोक में फिजियोथेरेपी की उपयोगिता’ रहा। विद्यार्थीयों के पोस्टर प्रस्तुतिकरण की डॉ साहू ने जमकर सराहना की। उन्होंने बताया कि लाइफस्टाइल संबंधी रोगों से बचने के लिए व्यायाम करना, संतुलित आहार और नींद लेना आवश्यक है।
डॉ. कृष्णकांत साहू ने कार्डियोवैस्कुलर सर्जरी पश्चात फिजियोथेरेपी की महत्ता पर प्रकाश डाला। फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने, कॉम्प्लीकेशन का रिस्क कम करने और मरीज़ का जल्द ही पुनर्वास करने में मददगार है फिजियोथेरेपी। इस अवसर पर शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, रायपुर के पूर्व छात्रों जैसे डॉ फैजान खान (पीटी), डॉ प्रकाश कटारिया (पीटी), डॉ रवि तिवारी (पीटी), डॉ यमंक साहू (पीटी) ने वर्तमान छात्रों से प्रासंगिक अनुभव साझा किए। आयोजन शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय रायपुर के प्राचार्य डॉ रोहित राजपूत सहित सभी शिक्षकगण ने किया।