कारोबार

मजबूत वित्तीय प्रबंधन, निवेश, नवाचार और विकासोन्मुख दृष्टिकोण राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण-ओपी
11-Sep-2026 12:58 PM
मजबूत वित्तीय प्रबंधन, निवेश, नवाचार और विकासोन्मुख दृष्टिकोण राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए महत्वपूर्ण-ओपी

सीआईआई फिस्कल फ्रंटियर 2.0

रायपुर, 11 सितंबर। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) छत्तीसगढ़ ने बताया कि रायपुर में फिस्कल फ्रंटियर 2.0 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की विषयवस्तु 2026 का बाजार: बदलती संपदा, उभरती विकास अवधारणाएं और अस्थिर दौर की चुनौतियां रही। कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, वित्त विशेषज्ञों, कारोबारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने भाग लेकर वर्ष 2026 के बदलते बाजार परिवेश, उभरते अवसरों, संपदा निर्माण तथा आर्थिक विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

सीआईआई ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य केंद्र वर्ष 2026 के वित्तीय एवं आर्थिक परिदृश्य में उभर रही चुनौतियों और अवसरों को समझने पर रहा। चर्चा के दौरान बाजार के रुझान, संपदा निर्माण, व्यावसायिक विकास तथा तेजी से बदलते और अनिश्चित आर्थिक वातावरण में आगे बढऩे की रणनीतियों पर विस्तार से विचार किया गया।

सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के अध्यक्ष एवं श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के निदेशक बजरंग गोयल ने बताया कि ऐसे मंच उद्योग एवं वित्तीय क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को अपने विचार साझा करने तथा अर्थव्यवस्था और बाजार को प्रभावित करने वाले कारकों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इसके बाद सीआईआई छत्तीसगढ़ वित्त एवं कराधान पैनल के संयोजक एवं एचएनए एंड कंपनी एलएलपी के साझेदार भावेश मित्तल ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करते हुए बदलती बाजार परिस्थितियों के बीच कारोबारियों और निवेशकों के लिए सजग, लचीला और भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।

सीआईआई ने बताया कि कार्यक्रम में सीआईआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद के उपाध्यक्ष एवं अविनाश समूह के प्रबंध निदेशक आनंद सिंघानिया ने छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी का परिचय कराया। मुख्य वक्तव्य में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने राज्य के बदलते आर्थिक एवं वित्तीय परिदृश्य तथा छत्तीसगढ़ और यहां के व्यवसायों के लिए उभरते अवसरों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने मजबूत वित्तीय प्रबंधन, निवेश, नवाचार और विकासोन्मुख दृष्टिकोण को राज्य की आर्थिक प्रगति को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण बताया।

सीआईआई ने बताया कि मुख्य वक्तव्य के बाद अस्थिर दौर में संपदा का पुनर्गठन और विकास की नई परिकल्पना विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसका संचालन सीएनबीसी आवाज, टीवी-18 के प्रबंध संपादक अनुज सिंघल ने किया। सत्र में वर्ष 2026 में बाजार को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारकों, बाजार में अस्थिरता के बीच निवेशकों, कारोबारियों और संस्थानों की रणनीतियों तथा दीर्घकालिक और सतत संपदा निर्माण के लिए उभरते अवसरों पर चर्चा हुई। चर्चा में वित्तीय निर्णयों में जागरूकता, निवेश में विविधता, रणनीतिक निवेश और तेजी से बदलती आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। अनिश्चित परिस्थितियों के बीच दीर्घकालिक विकास और मूल्य निर्माण पर केंद्रित रहने महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रदान किया।


अन्य पोस्ट