कारोबार

राजकुमार कॉलेज विद्यार्थियों ने शूटिंग में दो और तैराकी में तीन पदक पाकर बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड
08-Sep-2026 2:28 PM
राजकुमार कॉलेज विद्यार्थियों ने शूटिंग में दो और तैराकी में तीन पदक पाकर बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

सीआईएससीई राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2026

रायपुर, 8 सितंबर। राजकुमार कॉलेज, रायपुर के उप प्राचार्य ने बताया कि विद्यार्थियों ने अगस्त एवं सितंबर 2026 में आयोजित सीआईएससीई की दो राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।

उप प्राचार्य ने बताया कि 7वीं सीआईएससीई राष्ट्रीय निशानेबाजी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 27 से 29 अगस्त 2026 तक सेंट जूड्स स्कूल (यूपी296) में 14 वर्ष से कम, 17 वर्ष से कम एवं 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालकों के लिए किया गया। छत्तीसगढ़ क्षेत्र से कुल 27 विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें राजकुमार कॉलेज, रायपुर के 25 विद्यार्थी शामिल थे। निशानेबाजी प्रतियोगिता में 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक वर्ग की एयर राइफल पीप साइट स्पर्धा में कुँवर कार्तिक सिंह देव ने रजत पदक, जबकि 14 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक वर्ग की एयर पिस्टल स्पर्धा में आरुष बंसल ने रजत पदक प्राप्त किया।

उप प्राचार्य ने बताया कि  इसके अतिरिक्त 6 विद्यार्थियों ने शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त किया। दोनों पदक विजेता खिलाडिय़ों ने 70वें राष्ट्रीय स्कूली खेल 2026 (एसजीएफआई) के लिए भी क्वालीफाई किया है।  इसके पश्चात 7वीं सीआईएससीई राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 2 से 4 सितंबर 2026 तक बेंगलुरु में किया गया। छत्तीसगढ़ क्षेत्र की 36 विद्यार्थियों की टीम ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें राजकुमार कॉलेज, रायपुर के 31 विद्यार्थी—19 बालक एवं 12 बालिकाएं शामिल थे।

उप प्राचार्य ने बताया कि तैराकी प्रतियोगिता में उपराज सिंह सैंडो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रेस्टस्ट्रोक की 50 मीटर, 100 मीटर एवं 200 मीटर स्पर्धाओं में कुल तीन पदक—एक स्वर्ण, एक रजत एवं एक कांस्य—प्राप्त किए।  उपराज सिंह सैंडो ने 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में 31.27 सेकंड का समय दर्ज कर नया सीआईएससीई राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और पूर्व रिकॉर्ड 31.89 सेकंड को पीछे छोड़ दिया। इसके अतिरिक्त 12 विद्यार्थियों ने शीर्ष 10 में स्थान प्राप्त किया।


अन्य पोस्ट