कारोबार
महर्षि यूनि. और सरस्वती महावि. का शिक्षक सम्मान समारोह
बिलासपुर, 8 सितंबर। महर्षि यूनिवर्सिटी और सरस्वती महाविद्यालय ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर 6 सितंबर को महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी एवं सरस्वती महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में ‘शिक्षक सम्मान’ समारोह का अत्यंत गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट, समर्पित और उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के 32 शिक्षकों व प्राध्यापकों को शॉल, श्रीफल व सम्मान-पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बताया कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचार करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि एक चरित्रवान समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव रखने वाला सच्चा मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोपरि माना गया है। गुरु के बिना ज्ञान की प्राप्ति और जीवन की सही दिशा संभव नहीं है। उपमुख्यमंत्री ने उपस्थित शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को केवल उपाधि-धारक न बनाएं, बल्कि उनमें ज्ञान के साथ-साथ उच्च जीवन मूल्य, संस्कार, चरित्र और राष्ट्रबोध का विकास करें ताकि वे विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दे सकें।
कुलपति डॉ. नरेश कुमार तिवारी ने बताया कि भारत की ज्ञान परंपरा अत्यंत समृद्ध, वैज्ञानिक और गौरवशाली रही है। आज सबसे बड़ी आवश्यकता इस बात की है कि नई पीढ़ी को अपनी इस महान विरासत और जड़ों से जोड़ा जाए। उन्होंने शिक्षकों का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि उनका दायित्व केवल निर्धारित पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर वैज्ञानिक दृष्टि के साथ सांस्कृतिक गौरव जगाना भी है।
कुलपति डॉ. तिवारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) का उल्लेख करते हुए इसे युगांतरकारी नीति बताया और कहा कि इसका वास्तविक उद्देश्य तभी सिद्ध होगा जब इसका प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर उतरेगा। उन्होंने प्राचीन विमानशास्त्र, महर्षि बौधायन की ज्यामिति तथा समृद्ध भारतीय गणित-विज्ञान परंपरा का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को इन ऐतिहासिक उपलब्धियों से परिचित कराने पर विशेष बल दिया।
विशेष अतिथि छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. विजय गोयल ने शिक्षक दिवस के ऐतिहासिक महत्व और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शिक्षक विद्यार्थी के व्यक्तित्व और उसके भविष्य का वास्तविक शिल्पी होता है। एक आदर्श शिक्षक वही है जो अपने व्यक्तिगत आचरण और व्यवहार से विद्यार्थियों के समक्ष उदाहरण प्रस्तुत करे और आवश्यकता पडऩे पर अपनी भूल को स्वीकार कर उसे सुधारने का नैतिक साहस रखे।