कारोबार

विस्तार, कार्यप्रणाली में अनुशासन और स्थानीय बाजार में स्थिति मजबूत करने जीके इलेक्ट्रिक ने किया एडवाइजरी बोर्ड का गठन
25-Aug-2026 1:59 PM
विस्तार, कार्यप्रणाली में अनुशासन और स्थानीय बाजार में स्थिति मजबूत करने जीके इलेक्ट्रिक ने किया एडवाइजरी बोर्ड का गठन

चांदोरिकर और जोशी का स्वागत

रायपुर, 25 अगस्त। जीके इलेक्ट्रिक के चेयरमैन अमर पारवानी ने बताया कि इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर निर्माण क्षेत्र की अग्रणी कंपनी जीके इलेक्ट्रिक ने अपने एडवाइजरी बोर्ड के गठन की घोषणा की है। कंपनी ने ऑटोमोबाइल क्षेत्र के दो अनुभवी दिग्गजों विजय चांदोरिकर और अभिजीत जोशी का संस्थापक सदस्यों के रूप में स्वागत किया है। उनकी अध्यक्षता में गठित यह बोर्ड कंपनी के आगामी विस्तार, कार्यप्रणाली में अनुशासन और स्थानीय बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए मार्गदर्शन एवं दृष्टिकोण प्रदान करेगा।

श्री पारवानी ने बताया कि विजय चांदोरिकर के पास ऑटोमोबाइल उद्योग का 40 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वे फिएट सुंदरम ऑटो फाइनेंस के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में ऑटो वित्त कंपनियों का नेतृत्व कर चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने फिएट इंडिया में बिक्री एवं विपणन निदेशक की जिम्मेदारी भी संभाली है। पिछले दो दशकों में उन्होंने भारत, मध्य पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया में ऑटोमोबाइल विनिर्माण क्षेत्र की बड़ी कंपनियों को व्यवसाय प्रबंधन, वाणिज्यिक संचालन और लाभप्रदता बढ़ाने के क्षेत्र में मार्गदर्शन दिया है।

श्री पारवानी ने बताया कि वहीं अभिजीत जोशी को ऑटोमोबाइल क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने टाटा मोटर्स, फोर्ड इंडिया और फिएट इंडिया जैसे प्रमुख ऑटोमोबाइल ब्रांडों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। एम.एस. यूनिवर्सिटी, वडोदरा से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले जोशी एक ऑटोमोबाइल परामर्श कंपनी के सह-संस्थापक भी रहे हैं, जिसका बाद में एक वैश्विक परामर्श कंपनी ने अधिग्रहण कर लिया था। वर्तमान में वे लर्नटेक कंसल्टिंग का संचालन कर रहे हैं, जो रणनीतिक क्षमता निर्माण, कार्यप्रणाली डिजाइन और बिक्री प्रबंधन के क्षेत्र में काम करती है।

श्री पारवानी ने बताया कि उनका परिवार पिछले छह दशकों से ऑटोमोबाइल कारोबार से जुड़ा हुआ है और इस दौरान व्यावहारिक अनुभव से बहुत कुछ सीखने को मिला है। उन्होंने कहा कि जीके इलेक्ट्रिक की पहुंच छत्तीसगढ़ से बाहर व्यापक स्तर पर बनाने के लिए ऐसे अनुभवी दिग्गजों का मार्गदर्शन आवश्यक है, जिन्होंने बड़े कारोबार खड़े किए और उन्हें सही दिशा दी। इसी उद्देश्य से एडवाइजरी बोर्ड का गठन किया गया है।

जीके इलेक्ट्रिक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुनीत पारवानी ने बताया कि कंपनी ने बहुत तेजी से सफलता हासिल की है और अब इसे बड़े स्तर पर ले जाने का लक्ष्य है। विस्तार को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए ऐसी कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की जरूरत है, जो भविष्य में बड़े पैमाने के कारोबार को भी संभाल सकें। उन्होंने कहा कि विजय चांदोरिकर और अभिजीत जोशी ने अपने लंबे करियर में ऑटोमोबाइल कंपनियों को इसी मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


अन्य पोस्ट