कारोबार

भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी टॉप कोर्ट में दिखा रहे दमखम
22-Aug-2026 3:57 PM
भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी टॉप कोर्ट में दिखा रहे दमखम

छठवीं छत्तीसगढ़ राज्य पिकलबॉल स्पर्धा 2026 

पहले दिन संध्या, केशव और सिद्धार्थ रहे विजेता

रायपुर, 22 अगस्त। छत्तीसगढ़ पिकलबॉल के सचिव श्री रुपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि ऑल इंडिया पिकलबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में स्वर्गीय अर्जुन सिंह शेखावत स्मृति छठवीं छत्तीसगढ़ राज्य पिकलबॉल चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 21 से 23 अगस्त 2026 तक छत्तीसगढ़ स्टेट पिकलबॉल एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन टॉप कोर्ट, रायपुर में हो रहा है।

श्री चौहान ने बताया कि इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों एवं शहरों से लगभग 150 महिला एवं पुरुष खिलाड़ी लगभग 35 स्पर्धाओं के एकल एवं युगल मुकाबलों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन डायरेक्टर कांक्रीट टीएमटी श्री अमित जिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ स्टेट पिकलबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष श्री सुमित कटारिया ने की। वहीं विशेष अतिथि के रूप में श्री शुभम चौधरी उपस्थित थे। यह जानकारी  दी।

श्री चौहान ने बताया कि ओपन इंटरमीडिएट महिला एकल में संध्या ने निशिका को 11-8 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। इस वर्ग में आयुषी और संजना सेमीफाइनलिस्ट रहीं। ओपन इंटरमीडिएट पुरुष एकल के फाइनल में केशव ने अपूर्व को 11-7 से हराकर विजेता का खिताब जीता। रोहन और वीर सेमीफाइनलिस्ट रहे। अंडर-14 इंटरमीडिएट बालक एकल के फाइनल में सिद्धार्थ ने आर्यन को 11-9 से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। आर्यन बी और कृष सेमीफाइनलिस्ट रहे।

श्री चौहान ने बताया कि  इस प्रतियोगिता का एक विशेष आकर्षण हाल ही में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी होंगे। आरसीपी पिकलबॉल अकादमी के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आरिश आगा चौबे, हृदन गोयनका एवं अथर्व पांडे ने हाल ही में थाईलैंड में आयोजित एशियन जूनियर पिकलबॉल चैंपियनशिप 2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। अब ये तीनों खिलाड़ी छठवीं छत्तीसगढ़ राज्य पिकलबॉल चैंपियनशिप में भी हिस्सा लेकर अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे।

श्री चौहान ने बताया कि छत्तीसगढ़ में पिकलबॉल को बढ़ावा देने तथा युवा खिलाडिय़ों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में यह प्रतियोगिता एक महत्वपूर्ण पहल है। आयोजकों का उद्देश्य प्रदेश के खिलाडिय़ों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और पिकलबॉल खेल को छत्तीसगढ़ के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाना है।


अन्य पोस्ट