कारोबार

राखी संग मिठाई, कपड़े, उपहार, सौंदर्य प्रसाधन, पूजा और अन्य सामग्री बिक्री में तेजी की उम्मीद
21-Aug-2026 2:39 PM
राखी संग मिठाई, कपड़े, उपहार, सौंदर्य प्रसाधन, पूजा और अन्य सामग्री बिक्री में तेजी की उम्मीद

500-600 करोड़ कारोबार अनुमानित-कैट

रायपुर, 21 अगस्त। व्यापारिक संगठन अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के अध्यक्ष  जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, उपाध्यक्ष  सुरिन्दर सिंह,  जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन,  राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि  रक्षाबंधन को लेकर छत्तीसगढ़ के बाजारों में अच्छी-खासी हलचल देखने को मिल रही है।

श्री पारवानी ने बताया कि राखी के साथ मिठाई, कपड़े, उपहार, सौंदर्य प्रसाधन, पूजा सामग्री एवं अन्य त्योहारी वस्तुओं की बिक्री में भी तेजी आने की उम्मीद है। देशभर में इस वर्ष राखी का कारोबार लगभग 25 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं छत्तीसगढ़ में राखी एवं इससे जुड़े त्योहारी कारोबार का बाजार लगभग 500 से 600 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है। रक्षाबंधन के आसपास होने वाली मिठाई, उपहार, वस्त्र, पैकेजिंग एवं अन्य खरीदारी को मिलाकर प्रदेश के त्योहारी बाजार में इससे कहीं अधिक कारोबार होने की संभावना है।

श्री पारवानी ने बताया कि रक्षाबंधन के पहले से ही रायपुर सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों और कस्बों के बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। राखी बाजार के साथ कपड़ा, मिठाई, उपहार, सौंदर्य प्रसाधन, आभूषण और पूजा सामग्री की दुकानों पर भी त्योहारी मांग बढ़ रही है। इस वर्ष बाजार में भारतीय निर्मित एवं स्थानीय स्तर पर तैयार राखियों की मांग में विशेष वृद्धि दिखाई दे रही है। पारंपरिक राखियों के साथ खादी, जूट, बांस, बीज, रेशम, मोती और हस्तनिर्मित राखियां ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।

श्री पारवानी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी महिला स्व-सहायता समूहों और स्थानीय कारीगरों द्वारा तैयार बीज राखी, हस्तनिर्मित राखी तथा स्थानीय सामग्री से बनी राखियों को अच्छा बाजार मिल रहा है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में महिला समूहों द्वारा तैयार बीज राखियों की मांग इसका उदाहरण है। बाजार में राखियों की कीमत और डिजाइन के अनुसार बड़ी विविधता उपलब्ध है। सामान्य राखियों से लेकर प्रीमियम एवं हस्तनिर्मित राखियों तक हर वर्ग के ग्राहकों के लिए विकल्प मौजूद हैं।


अन्य पोस्ट